Move to Jagran APP

दिल्ली में एक अध्यक्ष से कई निशाने साधना चाहती है कांग्रेस, 15 से ज्यादा ने ठोंकी दावेदारी

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर ऊपर तो चार-पांच नाम ही चल रहे हैं, मगर दावेदारी 15 से 20 वरिष्ठ नेता ठोक चुके हैं। इनमें कई पूर्व अध्यक्ष, सांसद, मंत्री व विधायक शामिल हैं।

By Edited By: Updated: Wed, 31 Oct 2018 12:35 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली में एक अध्यक्ष से कई निशाने साधना चाहती है कांग्रेस, 15 से ज्यादा ने ठोंकी दावेदारी

नई दिल्ली, संजीव गुप्ता। दिल्ली के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन भले अपना इस्तीफा दे चुके हों, लेकिन नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पार्टी आलाकमान जल्दबाजी में नहीं हैं। एक ओर पार्टी नए अध्यक्ष के नाम पर सर्वसम्मति बनाना चाह रही है। दूसरी ओर कोई ऐसा नाम भी तलाश रही है जो आगामी लोकसभा-विधानसभा चुनाव में पार्टी के ग्राफ को और ऊपर ले जाए।

इसीलिए फिलहाल इस मुद्दे पर कई स्तरों पर मंथन चल रहा है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर ऊपर ऊपर तो चार-पांच नाम ही चल रहे हैं, मगर दावेदारी 15 से 20 वरिष्ठ नेता ठोक चुके हैं। इनमें कई पूर्व अध्यक्ष, सांसद, मंत्री और विधायक शामिल हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार जितने अधिक नाम हैं, उतने ही उन्हें लेकर विरोधाभास भी हैं। दावेदार और उनके समर्थक आपस में ही एक दूसरे का पत्ता काटने में जुटे हुए हैं। इस बीच पार्टी आलाकमान शांत और तटस्थ भाव से सारी स्थिति पर निगाह रखे हुए हैं। अब तक कोई मानक नहीं तय किए गए हैं।

कहा जा रहा है कि अगर पार्टी ने दो मानक ही बना दिए कि किसी पूर्व अध्यक्ष को दोबारा यह जिम्मेदारी नहीं मिलेगी और नया अध्यक्ष एक निर्धारित आयु वर्ग से होगा, तो इतने भर से ही अधिकतर नेताओं की दावेदारी खत्म हो जाएगी। पार्टी आलाकमान के सामने एक चुनौती यह भी खड़ी है कि पिछले तीन सालों में माकन ने दिल्ली में पार्टी का जो ग्राफ ऊपर उठाया है, नया अध्यक्ष ऐसा हो, जो उसको और आगे लेकर जाए।

2015 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का मत फीसद महज 9.66 रह गया था। अब वह नगर निगम एवं कई उपचुनाव के बाद 26.24 फीसद तक पहुंच गया है। सीलिंग सहित विभिन्न मुद्दों को पार्टी बेहतर तरीके से भुनाने में कामयाब रही है। कुल मिलाकर अभिप्राय यह कि नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा पर पार्टी की केंद्रीय समिति की ओर से पूर्णतया गंभीरता बरती जा रही है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर निर्णय जल्द ही होगा। पार्टी अध्यक्ष इन दिनों थोड़ा व्यस्त चल रहे हैं। बावजूद इसके सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श चल रहा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।