वसुंधरा फ्लाईओवर : जाम से निजात दिलाने में मार्च तक करना होगा इंतजार
मोहननगर के बाद सबसे बड़े जाम प्वाइंट वसुंधरा रेड लाइट पर लोगों को जाम से निजात मिलने में अभी चार माह का समय और लगेगा। मार्च 2019 तक इसका काम पूरा हो सकेगा।
वसुंधरा, जेएनएन। मोहननगर के बाद सबसे बड़े जाम प्वाइंट वसुंधरा रेड लाइट पर लोगों को जाम से निजात मिलने में अभी चार माह का समय और लगेगा। मार्च 2019 तक इसका काम पूरा हो सकेगा। पूर्व में सेतु निगम ने नए साल की शुरुआत में इसका तोहफा देने का लक्ष्य रखा था। दिवाली की छुट्टी और उसके बाद एनजीटी के आदेश में करीब एक माह काम बंद रहने के बाद अब इसे पूरा होने में अतिरिक्त समय लग रहा है।
मार्च तक लोगों को चौराहे पर डायवर्जन से जूझना पड़ेगा। फ्लाईओवर के निर्माण के लिए चौराहे का चौड़ीकरण किया गया है। इसके साथ ही चौराहे को बंद कर दो यूटर्न से ट्रैफिक का संचालन किया जा रहा है। चौराहे के एक ओर साहिबाबाद गांव के सामने पिलरों का निर्माण पूरा हो चुका है।
अब दूसरी ओर वसुंधरा की ओर के पिलर बनाए जा रहे हैं। फ्लाईओवर पर कुल आठ पिलरों का निर्माण किया जाना है। पिलर निर्माण के बाद पहले से ही बनी हुई वायाडक्ट से एक पिलर को दूसरे से जोड़ा जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण कर फ्लाईओवर को चालू कर दिया जाएगा। उधर, जीडीए का कहना है कि एक ओर की सड़क का काम पूरा होने पर जनवरी में इसे एक तरफ से खोला जा सकता है।
करीब एक माह बंद हुआ काम, देरी होना तय
शुरुआत में सेतु निगम यह दावा कर रहा था कि पुल निर्माण का काम जनवरी में पूरा कर इसे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। अब जनवरी तक काम पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है। अभी तो तीन पिलर निर्माण भी बाकी है।
सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि दिवाली पर ज्यादातर कर्मचारी छुट्टी पर चले गए थे। बाद में एनजीटी और प्रशासन के आदेश पर फ्लाईओवर निर्माण का काम 25 अक्टूबर से 20 नवंबर तक बंद रहा। इसके चलते काम में देरी हुई है।
करीब 50 हजार वाहनों को मिलेगा लाभ
साहिबाबाद, गाजियाबाद, शालीमार गार्डन, राजेंद्र नगर के अलावा दिल्ली, हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून आदि जाने वाले करीब पचास हजार वाहनों को जाम से निजात मिल जाएगी। मोहननगर पर यूटर्न बनने के बाद वसुंधरा रेड लाइट पर जाम के हालात बनते थे। नोएडा और दिल्ली से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने के चलते यहां जाम लगने लगा था।
49 करोड़ की लागत से बन रहा छह लेन का फ्लाईओवर
वसुंधरा चौराहे पर जाम से निजात के लिए छह लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। इसकी लागत करीब 49 करोड़ रुपये और लंबाई 586 मीटर होगी। साहिबाबाद गांव कट के पास से शुरू होकर यह वसुंधरा चौराहे के बाद उतरेगा, जबकि मोहननगर से नोएडा और औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले लोग सर्विस रोड का उपयोग कर आसानी से फ्लाईओवर के नीचे से निकल सकेंगे।
फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। पिछले दिनों काम रोके जाने के बाद निर्माण की गति कुछ धीमी हुई थी, लेकिन अब निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश की जा रही है।
- एके सिंह, परियोजना अधिकारी, सेतु निगम