Move to Jagran APP

भाजपा और कांग्रेस दोनों ने किसान को धोखा दिया है : आप

फसल बीमा योजना के नाम पर जितना पैसा किसानों से प्रीमियम के रूप में लिया गया था उसका 83 फीसद बीमा कंपनियों की जेब में चला गया।

By Edited By: Updated: Fri, 28 Dec 2018 09:31 PM (IST)
Hero Image
भाजपा और कांग्रेस दोनों ने किसान को धोखा दिया है : आप
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने फैसला लिया है कि देश को नरेंद्र मोदी से बचाने के लिए आम आदमी पार्टी हरसंभव कार्य करेगी। जिन राज्यों में आम आदमी पार्टी का आधार मजबूत है उन राज्यों में पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास पर हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई है।

फसल बीमा योजना पर उठाए सवाल 
केंद्र सरकार ने फसल बीमा योजना के नाम पर जो योजना शुरू की है। वह किसानों के माल पर डाका डालने वाली योजना है। कांग्रेस ने भी किसानों के साथ धोखा किया है। जिन तीन राज्यों में अभी काग्रेस की सरकार बनी है, वहां कांग्रेस ने 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ करने की बात कही थी, परंतु अब कांग्रेस भी अपने वादे से पीछे हटती नजर आ रही है।

कांग्रेस माफ नहीं कर रही कर्ज
किसानों का कर्ज माफ करने की नीति में कांग्रेस ने बहुत सारे किन्तु -परन्तु लगा दिए हैं, जिसकी वजह से केवल कुछ ही किसानों को इसका लाभ मिल पा रहा है। ऐसे में आप ने तय किया है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों से किसानों का कर्ज माफ करने और उनकी फसलों का न्यूनतम मूल्य देने की मांग करेगी।

बीमा कंपनियों की जेब में जा रहा 
इस मौके पर मौजूद आप के किसान नेता रामपाल जाट ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही किसानों के साथ धोखा किया है। भाजपा ने फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के खातों से प्रीमियम के पैसे तो काट लिए, लेकिन फसल के नुकसान पर जो मुआवजा उन्हें मिलना चाहिए था वह नहीं दिया गया है।

फसल बीमा योजना के नाम पर जितना पैसा किसानों से प्रीमियम के रूप में लिया गया था उसका 83 फीसद बीमा कंपनियों की जेब में चला गया। किसानों को केवल 17 फीसद पैसा ही मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वादा किया था कि किसानों को उनकी लागत का 50 फीसद लाभ दिया जाएगा, लेकिन वह केवल एक झूठ था।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।