Move to Jagran APP

कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से आप नाराज, हरियाणा सरकार पर आक्रामक

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : हरियाणा में अपने नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की शुक्रवा

By JagranEdited By: Updated: Sat, 29 Dec 2018 07:41 PM (IST)
Hero Image
कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से आप नाराज, हरियाणा सरकार पर आक्रामक

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : हरियाणा में अपने नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की शुक्रवार रात हुई गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा है कि ये कैसी तानाशाही है? मनोहर लाल को पंजाबियों का मुख्यमंत्री कहने पर शुक्रवार देर रात 70 युवाओं को गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद आम आदमी पार्टी ने एक प्रेस वार्ता करके हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। हरियाणा के प्रभारी और दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर कहा कि हरियाणा में जिस तरह रात में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, उससे भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर फैले एक मैसेज के आधार पर पूरे हरियाणा में जगह-जगह गिरफ्तारी आपातकाल की याद दिलाती है।

राय ने कहा कि हरियाणा में पहले हुड्डा और चौटाला जाट-जाट किया करते थे। इस जातिवादी राजनीति से त्रस्त होकर सभी समाज के लोगों ने भाजपा की सरकार बनवाई। अब भाजपा वाले भी यही करके हरियाणा को बर्बादी की तरफ ले जा रहे हैं।

राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद में भी राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं की इस तरह गिरफ्तारी पर चिंता व्यक्त की। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जाच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आप हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि शुक्रवार रात आप कार्यकर्ताओं के घरों पर पुलिस पहुंची। 10-10 पुलिस वाले एके-47 लेकर रात डेढ़ बजे पहुंचे। आप कार्यकर्ताओं को उनके घरों से उठाया गया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं के फोन नहीं मिल रहे हैं। कुछ कार्यकर्ताओं का जब हमें पता चला तो हम लोग वहा पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं से पुलिस ने पूछा कि आपने फेसबुक, ट्विटर और वाट्सएप पर यह पोस्ट क्यों डाली?

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।