Move to Jagran APP

केजरीवाल के नेतृत्व में ही लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़ेगी आप

मुख्यमंत्री केजरीवाल दूसरी बार 23 अप्रैल 2016 को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक बने थे। उनका कार्यकाल 23 अप्रैल 2019 को खत्म हो रहा है।

By Edited By: Updated: Sun, 30 Dec 2018 01:17 PM (IST)
Hero Image
केजरीवाल के नेतृत्व में ही लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़ेगी आप
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय परिषद ने फैसला लिया है कि 2019 में होने वाले लोकसभा और 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में लड़े जाएंगे। मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर हुई आप की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में परिषद का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है।

परिषद का कार्यकाल 23 अप्रैल को खत्म हो रहा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही थी कि पार्टी संविधान संशोधन कर सकती है। परिषद की बैठक के बाद आप के राष्ट्रीय सचिव व चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से प्रभारी पंकज गुप्ता ने बताया कि बैठक के दौरान परिषद के कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया।

इस पर सभी ने विचार कर सर्वसम्मति से इसे पास कर दिया। उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल 2020 तक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक बने रहेंगे। नई परिषद के चुनाव के लिए छह माह से अधिक का समय चाहिए। नीचे से लेकर ऊपरी स्तर तक सभी की बात सुनी जाती है, जो फिलहाल संभव नहीं।

आने वाले दिनों में लोकसभा चुनाव है, जिसमें सभी व्यस्त हो जाएंगे। इसके कुछ माह बाद ही दिल्ली विधानसभा का चुनाव आ जाएगा। ऐसे में पार्टी नेताओं ने फैसला किया कि वर्तमान परिषद को अगले एक साल तक बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री केजरीवाल दूसरी बार 23 अप्रैल 2016 को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक बने थे। उनका कार्यकाल 23 अप्रैल 2019 को खत्म हो रहा है। इससे पहले भी एक बार पार्टी परिषद का कार्यकाल बढ़ाया गया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।