Move to Jagran APP

रानी झांसी फ्लाईओवर की सड़क में गड्ढे, लीक हुई पाइपलाइन

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली नगर निगम की महत्वाकांक्षी परियोजना रानी झांसी फ्लाईओवर

By JagranEdited By: Updated: Mon, 31 Dec 2018 09:31 PM (IST)
Hero Image
रानी झांसी फ्लाईओवर की सड़क में गड्ढे, लीक हुई पाइपलाइन

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली नगर निगम की महत्वाकांक्षी परियोजना रानी झांसी फ्लाईओवर शुरू होने के कुछ ही माह के भीतर इसमें गड्ढे होने का मामला सामने आया है। फ्लाईओवर के एक हिस्से में फिल्मिस्तान के पास जल बोर्ड की पाइपलाइन लीकेज से सड़क खराब हो गई है तो वहीं दूसरी ओर जमीन धंसने से सड़क में गड्ढा हो गया है। हालांकि, निगम ने जानकारी मिलने के बाद दिल्ली जल बोर्ड को इसके लिए पत्र लिख दिया है। निगम ने जलबोर्ड से जल्द लीकेज को दुरुस्त करने के लिए कहा है।

लीकेज का सारा पानी फ्लाईओवर की नींव के अंदर जा रहा है। पानी भर जाने से इसकी खूबसूरती पर भी दाग लगने लगा है। जहां सड़क धंसी है वहां दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगा दिया है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में मुख्य अभियंता नौरंग सिंह का कहना है कि फ्लाईओवर के ऊपर गड्ढा नहीं हुआ है। फ्लाईओंवर को जोड़ने वाली सड़क धंस गई है, वहीं दूसरी ओर जल बोर्ड की एक पाइपलाइन है जो लीक हो रही है। इसके लिए जल बोर्ड को इसे ठीक करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि निगम जल बोर्ड से इस पाइपलाइन को शिफ्ट करने की अर्जी भी कई बार दे चुका है, लेकिन अब तक यह कार्य नहीं हो पाया है।

गमले तोड़ रहे हैं नशेड़ी

रानी झांसी फ्लाईओवर को नशेड़ी भी निशाना बनाकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। फ्लाईओवर की सुंदरता के लिए निगम ने यहां बड़े-बड़े पौधे के लिए गमले रखे थे, लेकिन रात के अंधेरे में नशेड़ी पौधे के गमलों को तोड़ उनसे लोहा निकाल रहे हैं। छह गमलों को नशेड़ी नुकसान पहुंचा चुके हैं। नशेड़ी यहां हादसों को भी दावत दे रहे हैं। रात में नशेड़ी गमलों को सड़क पर फेंक देते हैं। इससे गुजरने वाले वाहनों से टकराकर गमलों से लोहा बाहर आ जाता है। इस लोहे को नशेड़ी बेचकर नशा करते हैं।

डेडलाइन फ्लाईओवर के नाम से जाना जाता था

उपराज्यपाल बनने के बाद अनिल बैजल ने इस रानी झांसी फ्लाईओवर के कार्य की निगरानी कर इसे शुरू कराया था। इससे पूर्व यह फ्लाईओंवर डेडलाइन फ्लाईओवर के लिए जाना जाता था। इस फ्लाईओवर को राष्ट्रमंडल खेलों के समय शुरू होना था, लेकिन एक के बाद एक डेडलाइन मिस होने के बाद इस फ्लाईओवर को शुरू नहीं किया जा सका था। उल्लेखनीय है कि 16 अक्टूबर 2018 को इस फ्लाईओवर का उद्घाटन किया गया था।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।