Move to Jagran APP

नया वर्ष पर जगह-जगह लगा जाम, इंडिया गेट पर एक लाख से अधिक लोग पहुंचे

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : नए वर्ष पर राजधानी के लोगों ने

By JagranEdited By: Updated: Tue, 01 Jan 2019 09:51 PM (IST)
Hero Image
नया वर्ष पर जगह-जगह लगा जाम, इंडिया गेट पर एक लाख से अधिक लोग पहुंचे

फोटो संख्या-1 डेल-211 से 214 तक जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : नए वर्ष पर राजधानी के लोगों ने बड़ी संख्या में अपने ईष्ट देवता के दर्शन के लिए मंदिरों का रुख किया, वहीं इंडिया गेट, चिड़ियाघर, लाल किला सहित कनॉट प्लेस आदि घुमने वालों की तादात भी काफी रही। इससे पुरानी दिल्ली सहित नई दिल्ली के कई रास्ते वाहनों से पट गए। वहीं, कई लोग नए वर्ष पर मार्केट में खरीदारी करने पहुंच रहे थे। इससे सड़कों पर वाहनों का भारी दवाब रहा, जिससे जगह-जगह जाम की स्थिति बनी।

यातायात पुलिस ने इंडिया गेट व आस-पास के कई रास्तों को आम वाहन के लिए बंद कर दिया था। इससे सड़कों पर वाहन की संख्या बढ़ गई और वाहन रेंग-रेंगकर चलने को मजबूर हुए। देर शाम तक यही स्थिति बनी रही।

वर्ष का पहला दिन और मंगलवार का दिन होने के कारण कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर, चांदनी चौक पर गौरी शंकर मंदिर और यमुना बाजार के हनुमान मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने पहुंचे। स्थिति यह थी कि सुबह मंदिर खुलने से पहले ही वहां श्रद्धालुओं की लाइनें लगनी शुरू हो गईं। मंदिर के आस-पास की सड़कों पर यातायात का दवाब बढ़ गया। उधर, दिन चढ़ते ही लोग नया वर्ष मनाने परिवार के साथ वाहनों में इंडिया गेट, चिड़ियाघर, लोधी गार्डन, पुराना किला, कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क सहित लाल किला इत्यादि पर्यटन स्थलों पर आने शुरू हो गए। अधिकारियों का दावा है कि इंडिया गेट पर तो पूरे दिन एक लाख से अधिक लोग पहुंचे। चिड़ियाघर में 37 हजार से ज्यादा दर्शकों ने प्रवेश पाया। भीड़ बढ़ने से चिड़ियाघर में शाम चार बजे की जगह साढ़े चार बजे प्रवेश बंद किया गया। वहीं, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, मंडी हाउस, प्रगति मैदान सहित चार मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों का निकास बंद कर दिया गया था। हालांकि, इस दौरान मेट्रो चल रही थी।

इस झंझट से बचने के लिए ज्यादातर लोग अपने वाहन का प्रयोग कर रहे थे, जबकि मेट्रो स्टेशन बंद की वजह से लोगों ने इंडिया गेट और कनॉट प्लेस जाने के लिए ऑटो व अन्य साधनों का प्रयोग किया। ज्यादा मांग होने के कारण टैक्सी और आटो वालों ने लोगों से तय से ज्यादा किराए वसूले। ज्यादा भीड़ होने से इंडिया गेट, कनॉट प्लेस, मथुरा रोड और चांदनी चौक के पास वाहनों की आवाजाही रही। जाम के कारण इंडिया गेट सर्कल, कनॉट प्लेस आउटर और इनर सर्किल, बाबा खड्ग सिंह मार्ग, मथुरा रोड, चांदनी चौक, यमुना बाजार बाराखंबा रोड, मंडी हाउस, फिरोजशाह रोड, बंगाली मार्केट, डीडीयू मार्ग, गोल मार्केट, बंगला साहिब रोड, प्रगति मैदान और भगवानदास रोड पर पूरे दिन वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। प्रमुख बाजार के पास की सड़कें भी पूरे दिन वाहनों से अटी रहीं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।