Move to Jagran APP

वन्यजीवों के दीदार को बेकरार दिखी दिल्ली

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : साल के पहले दिन वन्यजीवों के दीदार की बेकरारी दिल्ली के लोगो

By JagranEdited By: Updated: Tue, 01 Jan 2019 11:02 PM (IST)
Hero Image
वन्यजीवों के दीदार को बेकरार दिखी दिल्ली

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : साल के पहले दिन वन्यजीवों के दीदार की बेकरारी दिल्ली के लोगों में दिखाई दी। चिड़ियाघर के टिकट बिक्री काउंटर पर सुबह लाइन लगी तो फिर शाम तक खत्म ही नहीं हुई। पर्यटकों की मुराद पूरी करने के लिए चिड़ियाघर प्रबंधन ने शाम 4:30 बजे तक टिकट काउंटर खोले रखे। इस बीच करीब 37 हजार 863 लोगों ने चिड़ियाघर में प्रवेश किया, जबकि इनसे करीब 14 लाख रुपये की कमाई हुई। चिड़ियाघर के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पर्यटक आने के साथ ही इतना ज्यादा राजस्व प्राप्त हुआ है।

सोमवार को भीड़ को देखते हुए चिड़ियाघर में सामान्य दिनों के मुकाबले टिकट काउंटर व प्रवेश द्वार की संख्या भी अधिक रखी गई थी। इधर भीड़ के कारण चिड़ियाघर के बाहर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही।

अलर्ट रही पुलिस : गत वर्ष का रिकार्ड देखते हुए इस बार भी चिड़ियाघर में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचने का अनुमान था। इसे देखते हुए चिड़ियाघर के बाहर से लेकर अंदर बाड़ों तक दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। विजय के बाड़े पर रही अधिक भीड़ :

वर्ष 2014 में मकसूद कांड से चर्चित हुए सफेद बाघ विजय के बाड़े पर पर्यटकों की सबसे अधिक भीड़ रही। इस दौरान यहां लोगों ने खूब सेल्फी भी खींची। यहां भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अंतरराष्ट्रीय स्तर का चिड़ियाघर बनाने की ली शपथ :

चिड़ियाघर प्रशासन ने दिल्ली के चिड़ियाघर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने की शपथ ली है। चिड़ियाघर की निदेशक रेणू ने कर्मचारियों को भी इसकी शपथ दिलाई है। इसके लिए यहां साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने के साथ ही पर्यटक सुविधाओं को भी बढ़ाने की योजना है। मुख्य द्वार से भी मिला प्रवेश :

चिड़ियाघर में लोगों की भीड़ को देखते हुए नौ टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई थी, जबकि सामान्य दिनों में दो से तीन काउंटर से ही काम चल जाता है। वहीं, चिडि़याघर में प्रवेश के लिए आठ द्वार थे। भीड़ बढ़ने पर मुख्य द्वार से भी लोगों ने प्रवेश किया। गायब हुए सात बच्चों को परिजन से मिलाया :

चिड़ियाघर में साल के पहले दिन भीड़ बढ़ने पर सात बच्चों के गायब होने का मामला सामने आया। हालांकि चिड़ियाघर प्रशासन ने उद्घोषणा करके बच्चों को उनके माता पिता से मिलवा दिया। पिछले तीन साल में पहले दिन पहुंचे पर्यटक

-एक जनवरी 2019-37863

-एक जनवरी 2018-34350

-एक जनवरी-2017-26000

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।