Move to Jagran APP

12 सालों में इस बार सर्वाधिक ठिठुरी दिल्ली, हल्‍की बूंदाबांदी से खुशनुमा हुआ मौसम

दिसंबर और जनवरी में नौ दिन दिल्ली का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। जबकि पिछले साल ऐसी ठंड केवल तीन दिन पड़ी थी।

By Edited By: Updated: Fri, 01 Feb 2019 12:23 PM (IST)
Hero Image
12 सालों में इस बार सर्वाधिक ठिठुरी दिल्ली, हल्‍की बूंदाबांदी से खुशनुमा हुआ मौसम

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। पढ़ने और सुनने में भले ही सहसा विश्वास न हो, लेकिन पिछले 12 सालों में इस बार दिल्ली सबसे ज्यादा ठिठुरी। दिसंबर और जनवरी में नौ दिन दिल्ली का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। इससे पहले 12 साल पूर्व सर्दियों के इन दो माह में 11 दिन चार डिग्री सेल्सियस से कम तापमान रहा था। यही नहीं, कोहरे ने भी इस बार 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस बार सबसे कम कोहरा पड़ा।

बने कई रिकॉर्ड
दिसंबर में भी इस साल कई रिकॉर्ड बने हैं। दिसंबर 2018 का औसत न्यूनतम तापमान महज 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 2005 में यह छह डिग्री और 1996 में 5.9 डिग्री रहा था। दिसंबर में 26 दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। दिसंबर का सबसे ठंडा दिन 29 तारीख को रहा, जब तापमान महज 2.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। यह भी पिछले 50 सालों के दौरान चौथा सबसे कम तापमान है। इससे पहले 2013, 1996 और 1973 में दिल्ली इससे ठंडी रही। दिसंबर में सबसे कम तापमान 27 दिसंबर 1930 को दर्ज हुआ था। इस दिन तापमान शून्य डिग्री था। इस दौरान 16 रातों का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से भी कम और आठ रातों को चार डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा था।

बूंदाबांदी हुई बारिश
गुरुवार को दिल्ली में बादल तो दिन भर छाए रहे, लेकिन बारिश के नाम पर कुछ क्षेत्रों में कुछ बूंदें ही पड़ीं। अलबत्ता, शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से महज एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 60 से 97 फीसद रहा। शुक्रवार को तापमान 20 और 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद पांच से छह दिनों तक तापमान में वृद्धि नहीं होगी।

डॉ. केजे रमेश (महानिदेशक, मौसम विज्ञान विभाग) कहना है कि  मौसम की स्थिति में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। सर्दी में न्यूनतम तापमान कम हो रहा है और शीत लहर बढ़ रही है, जबकि गर्मी में अधिकतम तापमान बढ़ रहा है और लू ज्यादा चल रही है। यह बदलाव न केवल दिल्ली, बल्कि देश-विदेश में सभी जगह देखने को मिल रहा है। प्रारंभिक तौर पर इसकी वजह जलवायु परिवर्तन सामने आ रही है।

दिल्ली-एनसीआर की महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।