Move to Jagran APP

केंद्र सरकार देने जा रही बड़ी सौगात, हरियाणा और दिल्‍ली के लाखों लोगों को होगा फायदा

दिल्ली के गांव आली से आश्रम और आश्रम से सराय काले-खां तक जाम से जल्‍द निजात मिलने वाली है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने 3200 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाएं मंजूर की है।

By Prateek KumarEdited By: Updated: Wed, 27 Feb 2019 12:12 PM (IST)
Hero Image
केंद्र सरकार देने जा रही बड़ी सौगात, हरियाणा और दिल्‍ली के लाखों लोगों को होगा फायदा

नई दिल्‍ली, जेएनएन। दिल्ली के गांव आली से आश्रम और आश्रम से सराय काले-खां तक जाम से  जल्‍द निजात मिलने वाली है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने 3200 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाएं मंजूर की है। एक मार्च को दिल्ली के मीठापुर में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल, दिल्ली के सांसद रमेश विधुड़ी की उपस्थिति में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तीनों परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

1800 करोड़ की लागत से बन रहा बाइपास
डीएनडी से वाया कालिंदी फरीदाबाद  बाइपास जुड़ेगा। इसमें सात किलोमीटर लंबा 6 लेन का ऊपरगामी मार्ग बनेगा।यह मीठापुर जंक्शन से फरीदाबाद बाइपास तक सात किलोमीटर लंबा 6 लेन का मार्ग होगा।  इस पर 1800 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

दिल्‍ली और फरीदाबाद वासियों को भी होगी सुविधा

इससे फरीदाबाद व दिल्ली के लोगों  को दिल्ली और नोएडा आवागमन में आसानी होगी और दिल्ली की सड़कों पर लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर फरीदाबाद - दिल्ली सीमा पर बने बदरपुर फ्लाइओवर के बाद दिल्ली के गांव आली से आश्रम तक  सिर्फ 8 किलोमीटर लंबे मार्ग का सफर जाम के कारण 30 से 45 मिनट में पूरा होता है।

12 लेन का होगा फरीदाबाद बाइपास
12 लेन का होगा 25 किलोमीटर लंबा फरीदाबाद बाइपास। इसमें 6 लेन की सर्विस रोड और 6 लेन का ही मुख्य मार्ग होगा। यह राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-19 का हिस्सा माना जाएगा। इससे फरीदाबाद को एनएच-19 का विकल्प मिल जाएगा। इस पर 800 करोड़ रुपये की लागत आएगी। एनएच-19 पर गांव कैली  (फरीदाबाद बाइपास का राजमार्ग पर अंतिम छोर) से सोहना में केएमपी को जोड़ने के लिए 20 किलोमीटर लंबा मार्ग बनेगा। इस पर 600 करोड़ रुपये की  लागत आएगी।

इन एरिया को होगा फायदा

केएमपी से फरीदाबाद के सीधे जुड़ाव के बाद फरीदाबाद से गुरुग्राम, मानेसर, रेवाड़ी, नारनौल और सोनीपत, पानीपत जाने वालों को समय की बचत होगी। हरियाणा सरकार की तरफ से इन मार्गों के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से फालोअप कर रहे उद्योग मंत्री विपुल गोयल को केंद्रीय  मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र लिखकर दी सूचना।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।