Move to Jagran APP

Oscar Award 2019: हापुड़ से अमेरिका तक के सफर में स्नेह को मिला इन युवतियों का साथ

अमेरिका में रहने वाली कुछ लड़कियों की एक टीम ने गांव काठीखेड़ा में सेनेट्री पेड की यूनिट लगाने के लिए रुपये दिए थे। इसमें से कुछ युवतियां अमेरिका में रहकर पढ़ाई भी करती हैं।

By JP YadavEdited By: Updated: Thu, 28 Feb 2019 02:08 PM (IST)
Hero Image
Oscar Award 2019: हापुड़ से अमेरिका तक के सफर में स्नेह को मिला इन युवतियों का साथ

हापुड़ [शुभम गोयल]। अमेरिका में रहने वाली कुछ लड़कियों की एक टीम ने गांव काठीखेड़ा में सेनेट्री पेड की यूनिट लगाने के लिए रुपये दिए थे। इसमें से कुछ युवतियां अमेरिका में रहकर पढ़ाई भी करती हैं। साथ ही जीएलआइ (गर्ल्स लर्निंग इंटरनेशनल ग्रुप) नाम की एक संस्था भी चलाती हैं, जो महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। 

गांव काठीखेड़ा में रहने वाली सुमन एक्शन इंडिया के साथ जुड़कर काम कर रहीं थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात कई अन्य महिलाओं के साथ हुई। करीब तीन साल पहले दिल्ली निवासी एक्शन इंडिया की डायरेक्टर गौरी चौधरी ने गांव काठीखेड़ा में सेनेट्री पैड की इकाई लगाने के प्रोजेक्ट की जानकारी दी। कुछ दिन बाद अमेरिका में पढ़ने वाली और नौकरी कर रही कुछ युवतियों के एक ग्रुप ने मिलकर इकाई लगाने के लिए रुपये भेजकर मदद की, तब तक स्नेह आदि महिलाएं भी इस संस्था से जुड़ चुकी थीं।

यह युवतियां अमेरिका और भारत में मिलकर जीएलआइ ग्रुप चलाती है। इस ग्रुप के बारे में अधिक जानकारी गौरी चौधरी को है, जो वर्तमान में अमेरिका में है। युवतियों के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है, परंतु इकाई में काम करने वाली महिलाओं का मानना है कि इन युवतियों की मेहनत के कारण ही गांव में सेनेट्री पैड लगाने की इकाई लग सकी थी।

... आज देख लिया हॉलीवुड स्टूडियो

कभी हापुड़ से भी बाहर ना जाने वाली स्नेह आज अमेरिका में भी छाई हुई हैं। डॉक्यूमेंट्री फिल्म पीरिएड एंड ऑफ सेंटेंस को अमेरिका में ऑस्कर अवार्ड प्राप्त होने के बाद स्नेह, सुमन और पूरी टीम अब अमेरिका की सैर पर निकल पड़ी है।

स्नेह ने फोन पर बताया कि सुमन और टीम की अन्य सदस्य जीएलआइ ग्रुप की सदस्यों के साथ अमेरिका घूम रही हैं। उन्होंने हॉलीवुड स्टूडियो भी देख लिया है। जो किसी बड़े सपने के बराबर है। इसके अलावा भी वह जगह-जगह घूमकर परिजन के लिए खरीदारी भी कर रही हैं। स्नेह ने बताया कि बहुत से लोग इस दौरान मिले। जिन्होंने उनके साथ फोटो भी खिंचवाएं हैं। यह बहुत बड़ा पल है कि देश भर के लोगों के साथ-साथ विदेश में भी लोग उन्हें प्यार और आशीर्वाद दे रहे हैं।

मुंबई पहुंचेगी स्नेह व सुमन, होगा स्वागत

डॉक्यूमेंट्री फिल्म पीरियड एंड ऑफ सेंटेंस को ऑस्कर मिलने के बाद पूरा देश अब टीम के स्वागत की तैयारी में जुटा है। वतन लौटने पर टीम पहले मुंबई जाएगी और वहां से दिल्ली आएगी। गांव काठीखेड़ा निवासी स्नेह व सुमन के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म को अमेरिका में ऑस्कर अवार्ड दिया गया है। स्नेह के छोटे भाई कपिल ने बताया कि अब अमेरिका से स्नेह व सुमन के साथ पूरी टीम पहले मुंबई जाएगी। वहां पर एक स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद सभी दिल्ली और वहां से गांव आएंगे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।