Move to Jagran APP

इस साल दिल्ली समेत पूरे भारत में पड़ेगी रिकॉर्ड गर्मी, सामने आ रही है ये बड़ी वजह

इस साल सर्दी ने जहां मार्च तक सताया वहीं गर्मी भी अब रुलाने को तैयार है। मौसम विभाग के मुताबिक जलवायु परिवर्तन की वजह से इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ेगी।

By JP YadavEdited By: Updated: Sat, 30 Mar 2019 03:35 PM (IST)
Hero Image
इस साल दिल्ली समेत पूरे भारत में पड़ेगी रिकॉर्ड गर्मी, सामने आ रही है ये बड़ी वजह

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। इस साल सर्दी ने जहां मार्च तक सताया, वहीं गर्मी भी अब रुलाने को तैयार है। मौसम विभाग के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन की वजह से इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ेगी। दिल्ली-एनसीआर का तापमान सामान्य से ऊपर तो अभी से पहुंच गया है। धीरे-धीरे इसमें और इजाफा होगा। मई और जून के महीने में तेज लू चलेगी। वहीं, इस बार जुलाई से पूर्व मानसून भी आने के आसार नहीं दिख रहे हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली एनसीआर के साथ-साथ पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश इत्यादि राज्य ‘कोर हीट वेव जोन’ में आते हैं। इन सभी में अप्रैल और मई के बीच तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना तकरीबन 37 फीसद है। हालांकि, बीच बीच में पश्चिमी विक्षोभ आने से इन राज्यों में लोगों को राहत मिलती रहती है। लेकिन, इस बार इसकी भी बहुत कम संभावना है। मालूम हो कि वर्ष 2018 में भी गर्मी ने लोगों को बेहद परेशान किया था।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक भूमध्य रेखा के आसपास प्रशांत क्षेत्र में अल-नीनो का प्रभाव रहता है। इसमें प्रशांत महासागर में समुद्री सतह का तापमान भी असामान्य रूप से बढ़ जाता है। इससे पूरे एशिया के मौसम पर प्रभाव पड़ता है। साथ ही यह भारत में मानसूनी बारिश पर भी प्रभाव डालता है।

स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने भी स्वीकार किया कि सर्दी के बाद इस बार गर्मी भी अच्छी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जिन मॉडलों को आधार बनाकर पूर्वानुमान तैयार किया जाता है, उनमें ज्यादा राहत की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। पलावत के मुताबिक जोर पकड़ती गर्मी का असर लोकसभा चुनाव पर भी पड़ना तय है। दिल्ली और हरियाणा में छठे चरण के तहत 12 मई को होने वाले मतदान के दौरान भी गर्मी अपने चरम पर होगी।

डॉ. के जे रमेश (महानिदेशक, मौसम विज्ञान विभाग) का कहना है कि मौसम की स्थिति में बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बार सर्दी में न्यूनतम तापमान कम हुआ तो अब गर्मी में अधिकतम तापमान भी तेजी से बढ़ने के संकेत हैं। तेज लू भी चलेगी। इसके पीछे वजह जलवायु परिवर्तन है।

स्वास्थ्य से संबंधित अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।