Move to Jagran APP

बेरहम हुई दिल्लीः कार ठीक से चलाने को कहा तो चला दी गोली, गाली देने का विरोध करने पर कर दी हत्या

दिल्ली में छोटी-छोटी बातों पर लोग अपना आपा खोते जा रहे हैं। इसके उदाहरण रोहिणी मानसरोवर पार्क और दयालुपर इलाके में सामने आए।

By Edited By: Updated: Sun, 31 Mar 2019 12:36 PM (IST)
Hero Image
बेरहम हुई दिल्लीः कार ठीक से चलाने को कहा तो चला दी गोली, गाली देने का विरोध करने पर कर दी हत्या

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली में छोटी-छोटी बातों पर लोग अपना आपा खोते जा रहे हैं। इसके उदाहरण रोहिणी, मानसरोवर पार्क और दयालुपर इलाके में सामने आए। रोहिणी इलाके में शुक्रवार देर रात स्कूटी सवार बदमाशों ने गाली देने का विरोध करने पर युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान वरदान मेंहदीरत्ता (18) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, वरदान विजय विहार स्थित एक प्रापर्टी डीलर के पास रियल एस्टेट का काम सीख रहे थे। वह शुक्रवार रात करीब सात बजे दोस्त विनय के साथ घर से निकले थे। करीब साढ़े दस बजे दोनों दोस्त सेक्टर तीन स्थित विनय कुणाल के घर के सामने खड़े होकर आवाज देने लगा।

इस बीच स्कूटी सवार दो युवक आए और वरदान से भिड़ गए। उन्हें भिड़ता देखकर विनय भी बढ़ आया। बताया जाता है कि स्कूटी सवार दोनों युवकों ने वरदान को गाली दी, जिसका उसने विरोध किया। इस पर दोनों युवकों ने दोनों दोस्तों को घूंसा मार दिया। फिर एक युवक ने चाकू निकालकर वरदान के गले में चाकू मार दिया और स्कूटी लेकर अवंतिका की तरफ फरार हो गए।

वरदान को बाबा साहेब अम्बेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतक युवक एवं उसके दोस्तों के कॉल डिटेल्स खंगा रही है। साथ ही पुलिस ने आरोपितों की धरपकड़ के लिए स्केच भी बनवाए हैं।

वहीं एक अन्य मामले में पूर्वी दिल्ली के मानसरोवर पार्क इलाके में कार सही से चलाने के लिए कहने पर गुस्से में आए युवक ने हवा में दो राउंड गोलियां चला दीं। गनीमत यह रही कि गोली किसी को लगी नही। वहीं दयालपुर इलाके में कार ठीक से चलाने के लिए कहने पर चालक ने छात्र का सिर फोड़ दिया।

पुलिस ने पीड़ितों मनीष शर्मा और निर्मल की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। मनीष शर्मा परिवार के साथ गली नंबर-10, राम नगर, मानसरोवर पार्क में रहते हैं। शुक्रवार रात उनके चाचा का बेटा घर आया था। देर रात को वह वापस जाने लगा। मनीष घर के बाहर खड़ी अपनी स्कूटी को अंदर करने लगे। इस बीच पड़ोस में रहने वाला जितेंद्र खारी उर्फ जीतू अपनी कार तेजी से लेकर आया।

जितेंद्र की कार की मनीष से टक्कर लगते-लगते बची। मनीष ने जितेंद्र से देखकर कार चलाने को कहा तो आरोपित उनसे झगड़ा करने लगा। कहासुनी के दौरान जितेंद्र ने पिस्टल से हवा में दो राउंड गोलियां चला दी। मनीष दौड़कर अपने घर चले गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपित जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल भी बरामद कर ली है।

वहीं, दूसरे मामले में पीड़ित निर्मल परिवार के साथ शिव विहार, दयालपुर में रहते हैं। मंगलवार शाम को वह बहन शीतल, दोस्त प्रिंस और अभिषेक के साथ ब्रिजपुरी तिराहे पर ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान एक कार सवार युवक वहां पहुंचा। निर्मल की बहन कार से टकराते-टकराते बची। निर्मल ने युवक को कार ठीक से चलाने के लिए कहा तो आरोपित ने शराब के नशे में रॉड मारकर निर्मल का सिर फोड़ दिया। बाद में वह फरार हो गया। निर्मल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को उसके बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।