Move to Jagran APP

दिल्ली में चुनाव आयोग ने कांग्रेस के विजय रथ पर लगाया ब्रेक, EC पर भेदभाव का आरोप

कांग्रेस की नीतियों और शीला दीक्षित सरकार में दिल्ली में हुए विकास कार्यों का प्रचार प्रसार करने के लिए बनाए गए पार्टी के विजय रथ पर चुनाव आयोग ने ब्रेक लगा दिया है। अनुमति नहीं मिलने के कारण यह रथ प्रदेश पार्टी कार्यालय में ही खड़े हुए धूल फांक रहे हैं।

By Edited By: Updated: Wed, 01 May 2019 02:38 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में चुनाव आयोग ने कांग्रेस के विजय रथ पर लगाया ब्रेक, EC पर भेदभाव का आरोप

नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेस की नीतियों और शीला दीक्षित सरकार में दिल्ली में हुए विकास कार्यो का प्रचार-प्रसार करने के लिए बनाए गए पार्टी के विजय रथ पर चुनाव आयोग ने ब्रेक लगा दिया है। अनुमति नहीं मिलने के कारण यह रथ प्रदेश पार्टी कार्यालय में ही धूल फांक रहे हैं। जानकारी के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय स्कीम और 15 सालों के दौरान कांग्रेस सरकार द्वारा दिल्ली में कराए गए विकास को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सातों लोकसभा क्षेत्रों के लिए सात विजय रथ बनवाए थे।

यह रथ बैटरी रिक्शा पर बनवाए गए थे ताकि दिल्ली की तंग गलियों में भी आसानी से जा सकें। लेकिन इन्हें चलाने के लिए चुनाव आयोग की अनुमति नहीं मिलने के कारण रथ का पहिया चलने से पहले ही थम गया है। आलम यह है कि प्रदेश कार्यालय में ही खड़े इन रथों को अब कवर कर दिया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग बैटरी रिक्शा यानी तिपहिया वाहन को चार पहिये में बदलने को कह रहा है, जबकि दूसरी पार्टी के तीन पहिये वाले वाहन भी प्रचार में चल रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस की अभियान समिति के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने बताया कि राहुल गांधी के न्याय स्कीम को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेश कांग्रेस की तरफ से बनवाए गए इन रथों में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित और इलाके के उम्मीदवार की फोटो है। अब इसे ही आधार बनाकर चुनाव आयोग इन्हें चलाने की अनुमति नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि तीन चार दिनों से सातों विजय रथ धूल फांक रहे हैं जबकि आम आदमी पार्टी के तीन पहिये वाले वाहन धड़ल्ले से प्रचार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अगर एक दिन और हमें इजाजत नहीं मिली तो हम इन सभी रथ को चार पहिये में बदलवा देंगे, ताकि चुनाव आयोग की ओर से अनुमति मिल सके। जहां तक रथों पर हुए खर्च को उम्मीदवारों के खर्च में जोड़े जाने की बात है तो इस पर चोपड़ा का कहना था कि आयोग तो यही कह रहा है जबकि सभी रथ प्रदेश कांग्रेस की तरफ से तैयार कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग की इस आपत्ति पर भी पार्टी में विचार किया जा रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि एक दो दिन में ही इन विजय रथों को चलाने की अनुमति मिल जाएगी।

 दिल्ली- NCR की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।