Move to Jagran APP

सात विधायकों को खरीदने का भाजपा ने किया प्रयास : सिसोदिया

चुनावी माहौल में आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने विधायकों को खरीदने की साजिश करने का भाजपा पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए कोई आधार नहीं है

By JagranEdited By: Updated: Wed, 01 May 2019 09:50 PM (IST)
Hero Image
सात विधायकों को खरीदने का भाजपा ने किया प्रयास : सिसोदिया

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :

चुनावी माहौल में आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने विधायकों को खरीदने की साजिश करने का भाजपा पर सनसनीखेज आरोप लगाया है।

बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए कोई आधार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा दिल्ली में चुनाव जीतने के लिए आप विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। ऐसा करके भाजपा दिल्ली में यह माहौल बनाना चाहती है कि आम आदमी पार्टी के विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इस कार्य के लिए भाजपा ने संपर्क कर हमारे सात विधायकों को 10-10 करोड़ रुपये का ऑफर दिया है। इसके अलावा उन्हें और भी प्रलोभन दिए गए। उन्होंने कहा कि उनके पास इसके सुबूत हैं, समय आने पर उन्हें सार्वजनिक करेंगे।

भाजपा को चुनौती देते हुए सिसोदिया ने कहा कि मोदी जी और अमित शाह हमारे विधायकों को खरीदकर चुनाव लड़ने की कोशिश न करें। अगर दम है तो अपने बल पर चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक बिकने वालों में से नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 4 साल से भाजपा लगातार आप विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। समय-समय पर हमने इसके साक्ष्य भी प्रस्तुत किए हैं। 2017 में हुए निगम के चुनावों में भाजपा हमारे एक विधायक को तोड़ने में कामयाब भी हुई, परंतु उसके बाद दिल्ली की जनता ने भाजपा को हराकर जो सबक सिखाने का काम किया वह सबने देखा था।

सिसोदिया ने कहा कि देश के विकास के लिए अगर मोदी जी के पास कोई एजेंडा है, कोई विजन है, तो उस पर चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल ही में मोदी जी ने पश्चिम बंगाल में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि दीदी के 40 विधायक मेरे संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि क्या भारत के प्रधानमंत्री को यह शोभा देता है।

इस मौके पर मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली की जनता से अपील की कि अगर भाजपा इस तरह की साजिश करती है तो दिल्ली वालों एक बार फिर बवाना की तरह भाजपा को सबक सिखाना होगा। ताकि देश के लोकतंत्र और संविधान का मजाक उड़ाने वाले दोबारा ऐसी साजिश करने की हिम्मत न कर सके।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।