Move to Jagran APP

Weather Update: हीट वेव से बढ़ेगी लोगों की मुश्किल, पारा जा सकता है 45 डिग्री के पार

दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू भी चल सकती है। वहीं बुधवार के बाद तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा तक पहुंचने के आसार हैं।

By JP YadavEdited By: Updated: Tue, 28 May 2019 08:51 AM (IST)
Hero Image
Weather Update: हीट वेव से बढ़ेगी लोगों की मुश्किल, पारा जा सकता है 45 डिग्री के पार
नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) के चलते मिल रही राहत का दौर अब खत्म हो गया है और गर्मी जोर पकड़ने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) का अनुमान है कि अब गर्मी में तेजी से इजाफा होगा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री से भी पार जा सकता है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम पारा 43 डिग्री तक जाने के आसार हैं, जबकि बुधवार को यह क्रमश: 25 और 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू भी चल सकती है। वहीं, बुधवार के बाद तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा तक पहुंचने के आसार हैं।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का ही नतीजा है कि सोमवार को दिन भर दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी ने परेशान किया। तेज धूप ने भी हाल बेहाल किया और गर्म हवा के थपेड़ों ने भी। अभी कुछ दिन ऐसी ही गर्मी झेलने को विवश होना पड़ेगा। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप थी। दिन चढ़ने के साथ-साथ धूप की तपन भी बढ़ती गई।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है। पालम में अधिकतम तापमान 43.5, आयानगर में 43.2 और रिज क्षेत्र में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 16 से 62 फीसद रहा। कई इलाकों में तो दोपहर के वक्त उन सड़कों पर भी लोग कम दिखे, जहां अमूमन खूब भीड़भाड़ देखने को मिलती है। शाम को गर्मी का असर कम होने के बाद ही लोग बाहर निकले और अपने कामकाज को निपटाते हुए दिखाई दिए।

दिन चढ़ने के साथ ही पारा चढ़ने लगा, तो उमस बढ़ गई। भीषण गर्मी और उमस में लोग पूरे दिन परेशान रहे। दोपहर में आसमान से मानो आग बरस रही थी। सप्ताह का पहला दिन होने के बावजूद सड़कों पर दिन में सन्नाटा पसरा रहा। देर रात तक गर्म हवाएं चलती रही। रविवार की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई। वहीं, स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते हल्की बारिश हो सकती है।

गर्मी में खुद को बीमार होने से कैसे बचाएं 

  • - गर्म खाने के साथ ठंडा पानी न पिए।
  •  अत्यधिक शारीरिक श्रम करने से बचे।
  •  कैफीन का अधिक मात्रा में सेवन न करें।
  •  गर्मी से आने के बाद तुरंत ठंडा पानी न पिए।
  •  तेज गर्मी और धूप में अधिक समय न बिताए।
  •  तैलीय और मसालेदार भोजन के सेवन से बचे।
  •  पर्याप्त पानी पिएं। नीबू पानी, नारियल पानी भी ले।
  •  एसी या ठंडे स्थान से निकल कर तुरंत धूप में न जाए।
  •  धूप से निकल कर तुरंत एसी या ठंडे स्थान पर न जाए।
  •  गर्मियों में ऐसी चीजों का सेवन करें, जो शरीर को ठंडा रखें।
  •  रसीले फलों, सब्जियों, दही, छाछ, नारियल पानी, नीबू पानी का सेवन अधिक करें।
उधर तेज धूप और वातावरण में धूल की मात्र कम होने से दिल्ली की हवा फिलहाल साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 160 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अभी अगले कुछ दिनों तक दिल्ली की हवा साफ-सुथरी ही रहने के आसार हैं।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।