Move to Jagran APP

फरीदाबाद में महिला की बेल्ट से पिटाई के मामले में गिरफ्तार 5 पुलिसकर्मियों को मिली जमानत

हरियाणा महिला आयोग ने भी इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

By JP YadavEdited By: Updated: Tue, 28 May 2019 04:11 PM (IST)
Hero Image
फरीदाबाद में महिला की बेल्ट से पिटाई के मामले में गिरफ्तार 5 पुलिसकर्मियों को मिली जमानत
नई दिल्ली/फरीदाबाद, जेएनएन/एएनआइ। पुलिस थाने में महिला की पिटाई की वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन अन्य आरोपित पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। यानी अब तक कुल पांच पुलिसकर्मी गिरफ्तार हो चुके हैं।

मंगलवार को सभी आरोपित पुलिसकर्मियों को कोर्ट में पेश किया गया। पांचों आरोपित पुलिसकर्मियों की तरफ से कोर्ट में जमानत याचिका लगाई गई। जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया।

दरअसल, दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में महिला को बेल्ट से पीटते हुए आदर्श नगर थाने के पुलिसकर्मियों का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। अब इस पर मामला गरमा गया है तो हरियाणा महिला आयोग ने भी इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। आयोग की सदस्य रीता भाटिया का कहना है कि यह अपराध है और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। अगर महिला ने कोई अपराध किया भी है तो उसकी जांच होनी चाहिए और वह भी महिला पुलिस द्वारा। 

यहां पर बता दें कि पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने वीडियो पर संज्ञान लिया और सत्यता पता कराई। इसके बाद दो हेडकांस्टेबल को निलंबित, तीन एसपीओ को बर्खास्त कर दिया गया है। पांचों के खिलाफ अतिरिक्त थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह की तहरीर पर महिला को पीटने, मानहानि व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें दो एसपीओ हरपाल व दिनेश को रात को गिरफ्तार भी कर लिया गया। महिला आयोग की सदस्य रेनू भाटिया ने भी पुलिस आयुक्त मुलाकात कर इस मामले की उचित जांच व कार्रवाई की मांग की थी।

वायरल हुए सवा चार मिनट से अधिक समय के वीडियो में एक वर्दी पहने, बाकी सिविल ड्रेस में चार लोग दिख रहे हैं। वे महिला को धमकाते व गालियां देते और ठहाके लगाते हुए सुने जा सकते हैं। बीच-बीच में एक शख्स महिला को बेल्ट से पीट रहा है। वीडियो पुलिस आयुक्त संजय कुमार के पास भी पहुंचा। उन्होंने जांच कराई।

पता चला कि महिला को बेल्ट से पीट रहा शख्स एचसी रोहित, वर्दी पहने एचसी बलदेव है, बाकी एसपीओ कृष्णपाल, हरपाल व दिनेश हैं। सभी आदर्श नगर थाने में तैनात हैं। वीडियो अक्टूबर 2018 का बताया जा रहा है। कोई गलत काम होने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी सिटी पार्क पहुंचे थे। उन्हें वहां केवल यह महिला मिली। उसे थाने ले आए। पुलिसकर्मी महिला से जानने की कोशिश कर रहे थे कि उसके साथ और कौन था। इसी दौरान उसकी बेल्ट से पिटाई की गई। यह वीडियो किसने बनाई, तब की बजाय अब कैसे सामने आई, यह जांच का विषय है। 

संजय कुमार (पुलिस आयुक्त) का कहना है कि वीडियो सामने आते ही इसकी सच्चाई का पता लगाया गया और कार्रवाई भी शुरू हो गई है। महिला की पहचान नहीं हो पाई है। महिला की तरफ से भी कोई शिकायत नहीं मिली है। सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी महिला से केवल महिला पुलिसकर्मी ही पूछताछ कर सकती है।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।