Move to Jagran APP

लोकसभा के बाद अब भाजपा विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी, दिया नया नारा

लोकसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के निवास पर पार्टी के नेताओं की बैठक हुई।

By Edited By: Updated: Wed, 29 May 2019 05:07 AM (IST)
Hero Image
लोकसभा के बाद अब भाजपा विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी, दिया नया नारा
नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के निवास पर पार्टी के नेताओं की बैठक हुई। मंगलवार को हुई इस बैठक में भाजपा नेता दोपहर के भोजन में खिचड़ी का लुत्फ उठाते हुए दिल्ली को जीतने की रणनीति पर चर्चा की।

मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की सत्ता में नकारात्मक विचारों से लिप्त सरकार बैठी हुई है। यह सरकार दिल्ली को विकास के मुद्दे से भटकाना चाहती है, क्योंकि उसने लोगों से जो वादे किए, उसमें से एक भी पूरा नहीं कर सकी है। तिवारी ने कहा कि हम सभी को 'देश में मोदी, दिल्ली में भाजपा तभी बनेगी बात' और 'दिल्ली चले मोदी के साथ' के नारे को घर-घर पहुंचाकर नकामपंथियों की पोल खोलनी होगी।

दिल्ली को मूलभूत सुविधाओं से वंचित कर, धर्म और जाति को लेकर तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को दिल्ली की सत्ता से उखाड़ फेंकने के लक्ष्य के साथ हम सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति करने वाली आप किसी भी स्तर तक गिर सकती है। लोकसभा चुनाव में भी ऐसा हुआ है इसलिए हम सभी को सतर्क रहना होगा। लोगों को बताना होगा कि केंद्र की तरह ही दिल्ली सरकार व नगर निगम में जब भाजपा का शासन होगा तो विकास कार्यो में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में दिन रात काम करने वाले जिला अध्यक्षों, पार्टी के पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, निगम पार्षदों, पूर्व निगम पार्षदों, मंडल अध्यक्षों का आभार जताया और उनसे विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने के लिए परिश्रम करने का आह्वान किया। भाजपा नेता ने कहा कि विधानसभा की सभी सीटों पर कमल खिलाने के लक्ष्य को लेकर काम करना है। बैठक में गांधी नगर के विधायक अनिल वाजपेयी, बिजवासन के विधायक कर्नल देवेंद्र सहरावत, पूर्व विधायक भीष्म शर्मा, अमरीश गौतम, वेद प्रकाश, जिला अध्यक्ष मनोज शौकीन, नीलदमन खत्री और अनिल शर्मा उपस्थित थे।

दिल्ली की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।