Move to Jagran APP

पीएम मोदी को बधाई देने के लिए भाजपा ने शुरु किया हस्ताक्षर अभियान

लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने पर पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई देने के लिए भाजपा नेता विजय गोयल ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है।

By Edited By: Updated: Tue, 28 May 2019 09:03 PM (IST)
Hero Image
पीएम मोदी को बधाई देने के लिए भाजपा ने शुरु किया हस्ताक्षर अभियान
नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देने के लिए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। इसके तहत कनॉट प्लेस में पालिका बाजार के पास प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर वाली बड़ी सी होर्डिग लगाई गई है जिस पर लोग बधाई संदेश लिखकर हस्ताक्षर कर रहे हैं। इसे वॉल ऑफ ग्रिटिंग्स नाम दिया गया है।

इस पर हस्ताक्षर करने वालों में पूर्व मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे सहित अन्य भाजपा नेता शामिल थे। जावड़ेकर ने कहा कि बधाई संदेश की यह दीवार प्रधानमंत्री का नारा 'सबका विकास, सबका विश्वास' को चरितार्थ करती है, क्योंकि प्रत्येक धर्म, जाति, वर्ग व आयु के लोग इसके माध्यम से मोदी को बधाई व शुभकामनाएं दे रहे हैं।

विजय गोयल ने कहा कि मोदी को नई सरकार बनाने के लिए अपार जनसमर्थन मिला है। वह दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं, जिससे लोगों में उत्साह है। लोग अपनी भावनाएं व्यक्त करना चाहते हैं, इसलिए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सिर्फ नारों से ही नहीं बल्कि अथक परिश्रम व विकास से लोगों का मन जीता है। दूसरी ओर दिल्ली के मुख्यमंत्री सिर्फ नारे देकर जनता को बहलाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने भी साफ कर दिया है कि वह मोदी के साथ हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली में कांग्रेस के बाद तीसरे नंबर पर चली गई है। जनता के साथ केजरीवाल ने जो वादे किए थे उसे पूरे नहीं किए। आप सरकार ने दिल्ली को विश्व का सबसे प्रदूषित शहर बना दिया है। दिल्ली को झुग्गी में तब्दील किया जा रहा है। एक भी नया स्कूल, कॉलेज व अस्पताल नहीं खोला गया।

सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि प्रधानमंत्री को विश्वभर से बधाई के संदेश आ रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोग बधाई दे रहे हैं। ऐसे में वॉल ऑफ ग्रिटिंग्स एक सराहनीय पहल है। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री आरपी सिंह सहित अन्य नेता, कार्यकर्ता व आम लोग मौजूद थे।

दिल्ली की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।