Move to Jagran APP

लड़की से शादी करने के लिए युवक ने रची खौफनाक साजिश, जानकर आप हो जाएंगे हैरान

आरोपित ने युवती के पिता पर दबाव बनाया कि वह बेटी को फोन कर कहे कि तुम इस लड़के से शादी कर लो यह अच्छा लड़का है। बातचीत में लड़की ने साजिश को भांप लिया।

By JP YadavEdited By: Updated: Wed, 29 May 2019 12:44 PM (IST)
Hero Image
लड़की से शादी करने के लिए युवक ने रची खौफनाक साजिश, जानकर आप हो जाएंगे हैरान
नई दिल्ली, जेएएन। ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय ने शादी का दवाब बनाने के लिए युवती के पिता को अगवा कर लिया। आरोपित ने युवती के पिता पर दबाव बनाया कि वह बेटी को फोन कर कहे कि तुम इस लड़के से शादी कर लो, यह अच्छा लड़का है। युवती के पिता ने मजबूरी में फोन भी किया, लेकिन युवती पिता की आवाज से आरोपित के इरादे को भांप चुकी थी। उसने पुलिस को सूचना दी। इस पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मथुरा स्टेशन से आरोपित को दबोच लिया और अगवा शख्स को मुक्त कराया।

आरोपित की पहचान मेरठ के अमन विहार निवासी संजीव उर्फ संजू के रूप में हुई है। अब द्वारका नॉर्थ थाना पुलिस आरोपित के तीनों दोस्तों को पकड़ने में जुटी है, जिन्होंने उसका साथ दिया।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एंटो अल्फोंस ने बताया कि 26 मई को एक दुकान मालिक ने द्वारका नॉर्थ थाना में सूचना दी कि उनके यहां काम करने वाला मुंशी गायब है। पूछताछ में अन्य कर्मियों ने बताया कि देर रात सफेद कार में तीन-चार लोग आए थे और मुंशी को लेकर चलते बने।

पुलिस को पता चला कि मुंशी का परिवार गांव में रहता था। उधर, मुंशी की बेटी के पास दो अलग-अलग नंबरों से कॉल आया जिसमें मुंशी ने फोन पर बेटी से कहा कि संजू अच्छा लड़का है और उससे शादी करने की सलाह दी। पुलिस ने उन दोनों नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर आरोपितों का पीछा करना शुरू किया।

एसीपी राजेंद्र सिंह की देखरेख तथा एसएचओ संजय कुमार के नेतृत्व में बनी टीम ने मथुरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर संजू को दबोच लिया। पुलिस ने मुंशी को भी सकुशल मुक्त करा लिया। पूछताछ में आरोपित संजू ने बताया कि वह मुंशी की बेटी से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके परिवार वाले इस पर राजी नहीं हो रहे थे। अंत में उसने लड़की के पिता को अगवा करने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, मुंशी का पूरा परिवार पहले द्वारका नॉर्थ इलाके में ही रहता था। लेकिन आरोपित यहां अक्सर आता था और शादी के लिए दबाव बनाता था। इस कारण मुंशी ने पूरे परिवार को गांव भेज दिया और यहां अकेले रहता था, लेकिन आरोपितों ने उसका ही अपहरण कर लिया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।