Move to Jagran APP

दिल्ली मेट्रो में फिर आयी तकनीकी खराबी, रेड लाइन पर दो घंटे परेशान रहे यात्री

दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर दो घंटे तकनीकी खराबी के कारण हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Wed, 29 May 2019 05:58 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली मेट्रो में फिर आयी तकनीकी खराबी, रेड लाइन पर दो घंटे परेशान रहे यात्री

नई दिल्ली, प्रेट्र। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (Delhi Metro Rail Corporation) की ट्रेनों में तकनीकी खामियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को लगातार दूसरे दिन हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार शाम वॉयलेट लाइन (Violet Line) पर तकनीकी समस्या के बाद बुधवार को रेड लाइन पर दो घंटे तक मेट्रो सेवा बाधित रही।

मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक, दिलशाद गार्डन-शाहदरा मेट्रो रेल खंड पर बुधवार को तकनीकी समस्या आयी। इसकी वजह से रेड लाइन पर चलने वाली मेट्रो सेवा करीब दो घंटे तक प्रभावित रही। दिलशाद गार्डन-शाहदरा सेक्शन पर मेट्रो को कुछ समय के लिए एक ही लाइन पर चलाया गया। बता दें कि रेड लाइन रिठाला से गाजियाबाद के शहीद स्थल(नया बस अड्डा) तक जोड़ती है।

डीएमआरसी के अनुसार, दोपहर 1.45 बजे तक तकनीकी समस्या को दूर कर लिया गया। फिलहाल अब मेट्रो सेवा सामान्य रुप से चल रही है।

इससे पहले मंगलवार शाम को वायलेट लाइन(Violet Line) पर हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली के मंडी हाउस से कश्मीरी गेट तक मेट्रो का परिचालन देरी से हो रहा था। सिग्नलिंग समस्या के कारण कई गाड़ियों को रोक दिया गया था।

21 मई को भी तकनीकी खराबी के कारण मजेंटा और येलो लाइन पर हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। आलम यह रहा कि लोगों को मेट्रो से उतर कर ट्रैक पर पैदल चलना पड़ा। कुतुब मीनार से सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशन के बीच आठ बजे से दोपहर तक मेट्रो संचालन बाधित रहा था। इसके चलते रोजाना सफर करने वाले हजारों-लाखों दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दरअसल छतरपुर मेट्रो स्टेशन पर अचानक मेट्रो को बिजली आपूर्ति करने वाली ओवरहेड वायर में खराबी आ गई थी, जिससे अचानक मेट्रो ट्रेन रुक गई। इससे स्टेशन के पास पैसेंजर लंबे समय तक फंसे रहे, यहां तक कि कुछ देर तो ट्रेन में ही फंसे रहे। फिर कुछ देर बाद इमरजेंसी गेट की मदद से यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकाला गया था।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।