Move to Jagran APP

Weather Update: प्रचंड गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, सड़कों पर पसरा सन्नाटा

अचानक गर्मी बढ़ने से स्कूलों ने बच्चों के आने-जाने के समय में परिवर्तन करना शुरू कर दिया है। गर्मी का आलम यह है कि लोग बहुत जरूरी होने पर ही घर या दफ्तर से निकल रहे हैं।

By Dhyanendra SinghEdited By: Updated: Thu, 30 May 2019 08:03 AM (IST)
Hero Image
Weather Update: प्रचंड गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, सड़कों पर पसरा सन्नाटा

नई दिल्ली, जेएनएन। सूर्य देव का पारा चढ़ने से समूचा उत्तर भारत हलकान है। बुधवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक तप गए जिससे लोगों का सुबह से ही घर से निकलना मुश्किल हो गया। कहीं तापमान 45 डिग्री तो कहीं इसके पार दर्ज किया गया। अचानक गर्मी बढ़ने से स्कूलों ने बच्चों के आने-जाने के समय में परिवर्तन करना शुरू कर दिया है। गर्मी का आलम यह है कि लोग बहुत जरूरी होने पर ही घर या दफ्तर से निकल रहे हैं। शहर की सड़कें तो अपेक्षाकृत थोड़ी आबाद दिखीं लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

दिल्ली में बरसी आग, 45 डिग्री पर पहुंचा पारा
राजधानी दिल्ली का पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले नौ साल में 29 मई को दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। दिनभर चिलचिलाती धूप व लू के थपेड़ों ने दिल्ली वासियों का हाल बेहाल कर दिया। मौसम विभाग की मानें तो सप्ताहभर ऐसा ही मौसम रहेगा और तापमान में भी वृद्धि के आसार हैं।

उत्तराखंड में पहाड़ और मैदान दोनों तपे
उत्तराखंड में पहाड़ और मैदान दोनों तप रहे हैं। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में अधिक तम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। बुधवार देहरादून में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं उत्तरकाशी और अल्मोड़ा में पारा बढ़ रहा है।

हिमाचल में भी गर्मी
हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है। प्रदेश में मैदानों के साथ पहाड़ भी तपने लगे हैं। सूबे में बुधवार साल का सबसे गर्म दिन रहा। ऊना, पांवटा साहिब व काला अंब में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस जबकि ऊना में 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

जम्मू-कश्मीर में चढ़ा पारा
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी ने बुधवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। जम्मू में अधिकतम तापमान 42.8, जबकि न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य सरकार ने भीषण गर्मी के चलते एक जून से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है।

मप्र में कई जगह लू का प्रकोप
मध्य प्रदेश में छह स्थानों पर दिन का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। कई जगह तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के 13 स्थानों पर लू का प्रकोप रहा।

राजस्थान के चूरू में तापमान 47 डिग्री
राजस्थान भी भीषण गर्मी की चपेट में है। सबसे ज्यादा 47.3 डिग्री तापमान चूरू में दर्ज हुआ। बीकानेर, श्रीगंगानगर में भी तापमान 47 डिग्री के आसपास रहा। दिनभर लू चलने से लोग परेशान रहे।

पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म
पंजाब में जैसे-जैसे जून का महीना नजदीक आ रहा है पारा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। ब¨ठडा में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जोकि सूबे में सबसे ज्यादा था।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप