Move to Jagran APP

Weather: सूरज बरसा रहा आग, लू-गर्मी की चपेट में आधा भारत; जानिए- कब मिलेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक यूपी दिल्ली मध्य प्रदेश तेलंगाना झारखंड हरियाणा चंडीगढ़ बिहार झारखंड और ओडिशा में लू का प्रकोप अगले दो-तीन दिन तक जारी रहेगा।

By JP YadavEdited By: Updated: Thu, 30 May 2019 01:10 PM (IST)
Hero Image
Weather: सूरज बरसा रहा आग, लू-गर्मी की चपेट में आधा भारत; जानिए- कब मिलेगी राहत

नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Update: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (western disturbance) का असर खत्म होने के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू चलने का दौर तेज हो गया है। भीषण गर्मी का आलम यह है कि यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सूरज अंगारे बरसा रहा है और कुल मिलाकर देशभर में गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ज्यादातर जगहों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।

देश की राजधानी दिल्ली और इससे सटे एनसीआर के शहरों नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत की बात करें तो यहां पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है तो गाजियाबाद और गुरुग्राम में 46 डिग्री के आसपास रहा है। राजधानी दिल्ली में भी लोगों को अगले दो-तीन दिन तक चिलचिलाती गर्मी और शुष्क मौसम से राहत नहीं मिलने का पूर्वानुमान जताया गया है।

जारी रहेगा लू और गर्मी का दौर
भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) के मुताबिक, गर्मी और लू से जल्द ही राहत नहीं मिलने वाली है। खास तौर पर इस सप्ताह तो मौसम में बदलाव के आसार नहीं के बराबर ही हैं। 30 मई के बाद भी इसी तरह सूरज अपने कड़े तेवरों के साथ बना रहेगा। वहीं, 1 जून के बाद के लोगों को गर्मी और लू से राहत मिल सकती है। हिमाचल के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के मुताबिक 30 मई तक तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है, 31 मई या एक जून के बाद मौसम बदल सकता है।

मैदान के साथ पहाड़ों के लोग भी परेशान
अब तक जहां सिर्फ यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार, राजस्थान आदि राज्यों के मैदानी इलाकों में गर्मी पड़ रही थी, वहीं अब पहाड़ी इलाकों में भी तापमान बढ़ने लगा है। आलम यह है कि पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गर्मी बढ़ने के साथ तापमान में भी इजाफा हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के उत्तरकाशी और अल्मोड़ा में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस को भी पार गया तो देहरादून में तापमान और हरिद्वार में 38 डिग्री को भी पार गया। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड और ओडिशा में लू का प्रकोप अगले दो-तीन दिन तक जारी रहेगा।

राजस्थान में भी भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। चूरू में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से चार डिग्री अधिक है। राज्य के पश्चिमी इलाकों में भीषण गर्मी और लू चलने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

जम्मू-कश्मीर में चढ़ा पारा
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी ने बुधवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। जम्मू में अधिकतम तापमान 42.8, जबकि न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उप्र में हमीरपुर सबसे गर्म
उप्र में भी आसमान से आग बरसी। लगातार चढ़ रहे पारे के चलते पूरे प्रदेश में तपन की स्थिति रही। हमीरपुर जिला 48 डिग्री तापमान के साथ सर्वाधिक गर्म रहा।

लोग परेशान, अस्पताल में बढ़े इलाज
पिछले चार दिनों से आसामान से अंगारे बरसने से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी में लू चलने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बड़ों का तो गर्मी में घरों से निकलना दुश्वार है ही, बच्चों की हालत ज्यादा खराब हो रही है। मौसम विभाग का मानना है कि अभी जल्द गर्मी से निजात नहीं मिलेगी, हालांकि तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन आज तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, शुक्रवार को 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 

तापमान अधिक होने की वजह से दिन भर भीषण गर्मी के साथ लू ने परेशान किया, जिसकी वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। लोग भीषण गर्मी और लू की वजह से अपने घरों से नहीं निकले। दोपहर को सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से से आने वाली हवाओं से मानसून के आगे बढ़ने और इसे मज़बूत होने में मदद मिल रही है, ऐसे में दक्षिण-पश्चिम मानसून पांच दिन की देरी से 6 जून को केरल तट पर पहुंचेगा। मौसम विभाग पहले ही पूर्वानुमान जता चुका है कि इस साल सामान्य हाेगी बारिश-माैसम विभाग के अनुसार इस साल सामान्य 96 फीसदी बारिश हाेगी।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।