फरीदाबाद के सांसद कृष्ण पाल गुर्जर ने ली मंत्री पद की शपथ, दूसरी बार मंत्रिमंडल में हुए शामिल
दिल्ली से सटे हरियाणा की फरीदाबाद सीट से सांसद कृष्ण पाल गुर्जर मोदी सरकार में फिर से मंत्री बनाए गए हैं।
फरीदाबाद, जेएनएन। दिल्ली से सटे हरियाणा की फरीदाबाद सीट से सांसद कृष्ण पाल गुर्जर मोदी सरकार में फिर से मंत्री बनाए गए हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने राज्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। इससे पहले भी वे मोदी सरकार में मंत्री थे। गुर्जर लगातार दूसरी बार केंद्र सरकार में मंत्री बनाए गए हैं।
हरियाणा में इस बार दस लोकसभा सीटों पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। पिछली बार मोदी मंत्रिमंडल में हरियाणा से राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर सहित बिरेंद्र सिंह भी शामिल थे। बिरेंद्र सिंह केंद्र में इस्पात मंत्री थे। बिरेंद्र सिंह फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं और इस बार हिसार लोकसभा क्षेत्र से उनके सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी बृजेंद्र सिंह ने भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता है। ऐसा माना जा रहा था कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जाटों को साधने के लिए बिरेंद्र सिंह या उनके बेटे बृजेंद्र सिंह को अवश्य मंत्री बनाया जाएगा। बिरेंद्र सिंह ने अपने बेटे को टिकट दिलवाने के लिए लोकसभा चुनाव से पहले ही मोदी मंत्रिमंडल से त्यागपत्र दे दिया था।
उनका कहना था कि वे वंशवाद की राजनीति को दरकिनार करना चाहते हैं। इसके अलावा हरियाणा में इस बार भाजपा के डॉ.अरविंद शर्मा ने रोहतक लोकसभा क्षेत्र से दीपेंद्र हुड्डा को हराया और सोनीपत से रमेश कौशिक ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हराया है। इसलिए यह माना जा रहा था कि ब्राह्मण राजनीति को साधने के लिए मोदी मंत्रिमंडल में डॉ.अरविंद शर्मा या रमेश कौशिक में से किसी एक को मंत्री अवश्य बनाया जाएगा। हालांकि अभी तक बिरेंद्र सिंह के पास मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने संबंधी कोई सूचना नहीं आई है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ लेने से पूर्व हरियाणा भवन में प्रदेश के भाजपा नेताओं, सांसदों, मंत्रियों और विधायकों की एक चाय पार्टी रखी है। इसमें ही तीनों नए मंत्रियों के बारे में भी अधिकृत रूप से बताया जा सकता है।