महेश शर्मा को नहीं मिली मोदी कैबिनेट में जगह, पहले थी मंत्री बनने की अटकलें
गौतमबुद्धनगर से सांसद महेश शर्मा के मोदी कैबिनेट में जगह नहीं मिलने से उनके समर्थकों को निराशा हाथ लगी है।
नोएडा, जेएनएन। गौतमबुद्धनगर से सांसद महेश शर्मा के मोदी कैबिनेट में जगह नहीं मिलने से उनके समर्थकों को निराशा हाथ लगी है। इससे पहले ऐसी चर्चा थी कि महेश शर्मा को मोदी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। लेकिन शपथ ग्रहण समारोह के बाद स्थिति साफ हो गई।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार महेश शर्मा ने गौतमबुुद्धनगर लोकसभा सीट से दोबारा बंपर वोटों से जीत हासिल की है। सपा-बसपा-आरएलडी के साझा प्रत्याशी सतवीर नागर को महेश शर्मा ने 3 लाख 35 हजार मतों से हराया। गौतमबुद्ध नगर से महेश शर्मा की यह लगातार दूसरी जीत है। 2014 के लोकसभा चुनाव में महेश शर्मा ने अपने निकतम प्रतिद्वंद्वी सपा के नरेंद्र भाटी को दो लाख 80 हजार 212 वोटों से हराया था।
13 उम्मीदवार थे चुनावी मैदान में
गौतमबुद्ध नगर से 13 उम्मीदवार अपनी चुनावी भाग्य आजमा रहे थे। इनमें महागठबंधन के साझा उम्मीदवार सतवीर नागर, भाजपा के महेश शर्मा और कांग्रेस से डॉ. अरविंद कुमार सिंह के मुख्य मुकाबला था। बता दें कि गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में जिले की तीन सीटें नोएडा, दादरी, जेवर और दो सीटें बुलंदशहर की सीटें सिकंदराबाद और खुर्जा आती हैं। इन सभी जगहों पर भाजपा उम्मीदवार को ज्यादातर वोट मिले।
कौन हैं महेश शर्मा
महेश शर्मा का जन्म राजस्थान के अलवर जिले के मनेठी गांव में 30 सितंबर 1959 को हुई था। वे बचपन से ही आरएसएस से जुड़ गए थे। छात्र जीवन के दौरान एबीवीपी से जुड़े। फिर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। वर्ष 2009 में पहली बार वह गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े लेकिन महज 15 हजार वोटों से चुनाव हार गए। वर्ष 2012 में भाजपा ने उन्हें नोएडा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया और उन्हें जीत भी हासिल हुई। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने फिर महेश शर्मा पर भरोसा जताया और वे इस बार भारी मतों से चुनाव जीते। इसके बाद मोदी सरकार में महेश शर्मा को मंत्री बनाया गया।