Move to Jagran APP

Weather Alert: प्रचंड गर्मी व लू से अगले 4 दिन नहीं मिलेगी राहत, करोड़ों लोग प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर उत्तर प्रदेश पंजाब चंड़ीगढ़ मध्य प्रदेश बिहार राजस्थान समेत कई इलाकों में भीषण गर्मी के साथ लू से अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

By JP YadavEdited By: Updated: Sat, 01 Jun 2019 07:31 AM (IST)
Hero Image
Weather Alert: प्रचंड गर्मी व लू से अगले 4 दिन नहीं मिलेगी राहत, करोड़ों लोग प्रभावित

नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी और लू (Heat Wave) का दौर जारी है। यूपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत दर्जन भर राज्यों के करोड़ों लोग गर्मी व लू की मार झेल रहे हैं। कुलमिलाकर आधा भारत भीषण गर्मी की चपेट में आ चुका है। देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां पर तेज धूप, गर्म हवा-लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) गुजरात के निदेशक जयंत सरकार (Jayant Sarkar) के मुताबिकआगामी 4 दिनों के दौरान मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आएगा। लू व गर्मी जारी रहेगी, लेकिन गुजरात में लू की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि तापमान में अगले कुछ दिनों में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। उन्होंने यह भी बताया है कि केरल में मानसून 6 जून को दस्तक दे सकता है। 

8 सालों में यह सबसे गर्म दिन रहा 30 मई

दिल्ली के पालम इलाके में बृहस्पतिवार को तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से छह डिग्री अधिक रहा। 30 मई का दिन इस सीजन का ही नहीं, बल्कि पिछले आठ सालों में यह सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे सप्ताह गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। आसमान साफ रहेगा, जिसकी वजह से धूप की तपिश प्रचंड गर्मी का अहसास कराएगी।

गुरुग्राम में गर्मी ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड

साइबर सिटी में गर्मी ने पांच साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 29 मई 2014 को 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

गर्मी से राहत मिलने के फिलहाल कोई आसार नहीं है। लू के थपेड़े लगेंगे और धूल भरी गर्म हवाएं चलेगी। बृहस्पतिवार को दिनभर प्रचंड गर्मी के बाद शाम को भी गर्मी से राहत नहीं मिली। गर्म हवाओं और तपिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। दोपहर में बाजार और सड़कें सुनसान हो गई। प्रचंड गर्मी के कारण सुबह व शाम के वक्त भी पार्काें में ज्यादा भीड़ नजर नहीं आ रही है। गाड़ियों में एसी की कूलिग का असर नहीं हुआ और वाहन चालक बेहाल होने लगे।

कुछ दिन और सहनी पड़ेगी भीषण गर्मी

वहीं, भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) का पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर भारत के दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंड़ीगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई इलाकों में भीषण गर्मी के साथ तेज गर्म हवाओं (लू) से अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

6 जून तक केरल में आ सकता मानसून, मिल सकती है राहत

मौसम विभाग का यह भी अनुमान है कि अंडमान ऊपर दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति धीरे-धीरे तेज हो रही है और अगले कुछ दिनों के दौरान बंगाल की खाड़ी के उत्तर अंडमान सागर के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की पूरी उम्मीद है। ऐसे में मानसून के 6 जून को केरल में दस्तक देने का अनुमान है। 

लू के थपेड़ों से दिल्ली-NCR के लोग परेशान

लू के थपेड़ों से भी दिल्ली बुरी तरह प्रभावित हुई। वहीं, एनसीआर में नारनौल में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 46.8, नोएडा व गाजियाबाद में 44 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास बना रहेगा। बृहस्पतिवार को दिल्ली का औसत तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 44.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 12 से 62 फीसद रहा।

पश्चिमी विक्षोभ के बेअसर होने से पड़ रही भीषण गर्मी

मई के शुरुआत से ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही बारिश और आंधी से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही थी। मैदानी राज्यों पर दक्षिण-पूर्वी नमी भरी हवा का असर था। इस वजह से तापमान बहुत अधिक ऊपर नहीं गया। लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। आने वाले दिनों में दिल्ली में प्रचंड गर्मी के संकेत हैं। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि अगले चार पांच दिनों तक उत्तर पश्चिम से सूखी हवा चलेगी। आसमान साफ रहेगा और तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।

गर्मी की तपिश मैदानी इलाकों में तो लू बनकर लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 48 और ग्वालियर में 71 साल का रिकॉर्ड तोड़ 47.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। झारखंड के दुमका में भीषण गर्मी से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। यह हाल मैदानों में ही नहीं है, पहाड़ों पर भी लोगों के पसीने छूट रहे हैं।

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके उत्तरकाशी में पारा 37 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जबकि अल्मोड़ा में यह 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दो से तीन दिन पारा और चढ़ सकता है। हालांकि एक जून की शाम को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना भी है। इसके अलावा हरिद्वार, कोटद्वार, ऊधमसिंह नगर और रुड़की में यह पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है।

मध्य प्रदेश का भी गर्मी से हाल बुरा है। यहां राजस्थान की ओर से चली उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने गुरुवार को ग्वालियर-चंबल और मप्र के बुंदेलखंड क्षेत्र को झुलसा कर रख दिया। नौतपा के छठे दिन खजुराहो में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, ग्वालियर में भी पारा 47.2 डिग्री से. दर्ज किया गया है। मौसम के जानकारों के अनुसार 71 साल बाद ग्वालियर में इतना तापमान दर्ज किया गया है। इससे पहले 30 मई 1947 को ग्वालियर का तापमान 48.3 डिग्री से. दर्ज किया गया था।

जम्मू में पारा 44 डिग्री पहुंचा

इस समय न सिर्फ पूरे उत्तर भारत में वरन देश के ज्यादातर इलाकों में भयंकर गर्मी पड़ रही है। इसका असर जम्मू जैसे ठंडे राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। यहां बुधवार को पारा 42 डिग्री से ज्यादा था, जो गुरुवार को 44 डिग्री के करीब पहुंच गया।

पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म

पंजाब में बृहस्पतिवार को एक बार फिर बठिंडा सबसे गर्म रहा। बठिंडा में तापमान 46.1 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो तीन दिनों तक यहां प्रचंड गरमी पड़ेगी और तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।