Move to Jagran APP

दिल्ली के सरकारी दफ्तर में जमकर हुई बीयर पार्टी, Video Viral होने पर मचा हड़कंप

जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया ने कहा कि घटना की जानकारी वायरल वीडियो से हुई। किसी ने कोई शिकायत नहीं की थी। जानकारी मिलने पर चार कर्मचारी निलंबित कर दिए गए हैं।

By JP YadavEdited By: Updated: Fri, 28 Jun 2019 10:15 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली के सरकारी दफ्तर में जमकर हुई बीयर पार्टी, Video Viral होने पर मचा हड़कंप

नई दिल्ली, जेएनएन। देश की राजधानी दिल्ली में सरकारी महकमों में कर्मचारी कामकाज को लेकर कितने गंभीर होते हैं? इसकी बानगी जल बोर्ड के कार्यालय में देखने को मिली। बोर्ड के पंजाबी बाग स्थित दफ्तर में कर्मचारी कामकाज छोड़कर बीयर पार्टी करने में मशगूल थे। इसका वीडियो वायरल होने पर जल बोर्ड ने चार कर्मचारियों (लिपिक) को निलंबित कर दिया है। साथ ही कामकाज में लापरवाही व अनुशासनहीनता के आरोप में उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की है।

जल बोर्ड के अनुसार, यह घटना पिछले सप्ताह की है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पंजाबी बाग स्थित क्षेत्रीय राजस्व अधिकारी (जेडआरओ) कार्यालय में सात कर्मचारी ताश खेल रहे हैं और बीयर पी रहे हैं। साथ में एक सुरक्षा गार्ड भी है। कर्मचारियों ने दफ्तर का गेट बंद करा दिया था, ताकि कोई व्यक्ति काम से दफ्तर में अंदर न आने पाए। जेडआरओ कार्यालय में पानी का बिल जमा कराने, बिल में गड़बड़ी होने पर उसकी शिकायत और निवारण की सुविधा होती है।

जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया ने कहा कि घटना की जानकारी वायरल वीडियो से हुई। किसी ने कोई शिकायत नहीं की थी। जानकारी मिलने पर चार कर्मचारी निलंबित कर दिए गए हैं। जल बोर्ड में गैर पेशेवर रवैया बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कंप्यूटर ऑपरेटर बर्खास्त

जल बोर्ड के अनुसार, उस बियर पार्टी में एक कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल था, जिसे अनुबंध पर रखा गया था। उसे बर्खास्त कर दिया गया है। इसके अलवा गार्ड को भी हटा दिया गया है। वीडियो में दिख रहे अन्य लोगों पर क्या कार्रवाई हुई, इस पर जल बोर्ड ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।