Move to Jagran APP

दिल्ली-NCR में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से प्रदूषण में गिरावट, आज भी बरसेंगे बदरा

मौसम विभाग के अनुसार रविवार के दिन भी बादल छाए रहेंगे। दिन में हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 28 Jul 2019 03:12 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली-NCR में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से प्रदूषण में गिरावट, आज भी बरसेंगे बदरा

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली में इन दिनों मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 97 फीसद और न्यूनतम स्तर 77 फीसद दर्ज हुआ।

वहीं दिल्ली के सफदरजंग में शनिवार को 3.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं दिल्ली रिज में 11 मिमी, लोदी रोड में 2 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके कारण अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

दिन में होगी बारिश 
मौसम विभाग के अनुसार रविवार के दिन भी बादल छाए रहेंगे। दिन में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दिल्ली और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवा की गतिविधियां बनी हुई हैं। जिसके कारण दिल्ली में बारिश हो रही है।

शनिवार को दिल्ली के कई इलाकों में भी अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान पालम में 31.4 डिग्री, लोदी रोड में 31.6 डिग्री, दिल्ली रिज में 31.5 डिग्री, नजफगढ़ में 31.2 डिग्री और मुंगेशपुर में 30.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

सीजन का सबसे कम प्रदूषण का स्तर हुआ दर्ज
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के प्रोजेक्ट सफर में शनिवार के दिन पीएम 2.5 जैसे प्रदूषित कणों का दिल्ली का औसत स्तर 23 माइक्रो ग्राम क्यूबिक मीटर (एमजीसीएम) दर्ज हुआ। पीएम 2.5 का औसत स्तर 60 एमजीसीएम होता है। वहीं पीएम 10 का स्तर 48 एमजीसीएम दर्ज हुआ। इसका औसत स्तर 100 एमजीसीएम होता है।

प्रोजेक्ट सफर के वैज्ञानिकों के अनुसार यह इस सीजन का सबसे कम प्रदूषण का स्तर है। लगातार दो दिनों से बारिश होने के कारण प्रदूषण की मात्रा में काफी गिरावट दर्ज हुई है। हवा में मौजूद प्रदूषण कण नमी के साथ घुल रहे हैं। जिसके कारण प्रदूषण का स्तर कम दर्ज हुआ है। अगले दो दिनों तक प्रदूषण का स्तर ऐसे ही रहने की संभावना है।

बारिश के बाद चावड़ी बाजार में चलना हुआ मुश्किल
बारिश के बाद पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार का बुरा हाल हो गया है। यहां सड़क से लेकर सीवर तक हर व्यवस्था का बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के साथ ही यहां आने वाले अन्य लोगों को भी भारी मुश्किल हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आम दिनों में ही यहां जर्जर सड़क के कारण लोगों को चलने-फिरने में परेशानी होती थी, लेकिन बारिश के बाद सड़कों में बने गड्ढों में जमा पानी लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।

इसके अलावा सफाई के अभाव में सीवर भी ओवरफ्लो होने लगे हैं। सीवर का पानी गलियों में भरे रहने की वजह से चारों तरफ दरुगध फैली है और लोगों को मजबूरी में इस गंदे पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार स्थानीय निकाय व संबंधित विभागों से भी शिकायत की गई, लेकिन अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।

व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण यहां पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही रहती है, इस वजह से यहां अक्सर जाम लग जाता है। माल चढ़ाने व उतारने के के लिए मालवाहक वाहन सड़क कहीं भी ही खड़े हो जाते हैं। ऐसे में यहां पूरे दिन जाम की समस्या रहती है। इसके अलावा बैट्री रिक्शा व अन्य रेहड़ी पटरी वाले भी जाम और अतिक्रमण को बढ़ाते हैं।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक 

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।