Move to Jagran APP

Weather Update: दिल्ली-NCR के मौसम में बड़ा बदलाव, आज भी होगी बारिश

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक शुक्रवार को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

By JP YadavEdited By: Updated: Fri, 04 Oct 2019 12:22 PM (IST)
Hero Image
Weather Update: दिल्ली-NCR के मौसम में बड़ा बदलाव, आज भी होगी बारिश
नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Update for Delhi and NCR:  बृहस्पतिवार शाम एकाएक बदले मौसम और झमाझम बारिश ने दिल्ली की फिजा ही बदल दी। दिन में गर्मी से परेशान रहे दिल्लीवासियों को देर शाम ठंडक का अहसास हो गया। तेज आंधी के साथ लगभग दो घंटे तक हुई झमाझम बारिश से न्यूनतम पारा दो डिग्री तक गिर गया। आइटीओ, मंडी हाउस, लक्ष्मी नगर सहित दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के कई क्षेत्रों में ओले गिरे। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव के चलते सड़क पर वाहनों का जाम लग गया। इसके अलावा विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक, शुक्रवार को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार सुबह भी मौसम में ठंडक महसूस हुई। 

बृहस्पतिवार को शाम साढ़े पांच बजे अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। जबकि न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। लेकिन रात साढ़े आठ बजे बारिश के प्रभाव से न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरकर 21.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। जबकि बारिश इसी समयावधि तक 35.2 मिलीमीटर दर्ज की गई। 

जानकारी के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, इसीलिए दिल्ली के मौसम में बदलाव आया। स्काईमेट के मुख्य मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, मानसून के दौरान कई बार इस तरह की परिस्थितियां बन जाती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बारिश का पूर्वानुमान तो किया गया था, लेकिन तापमान कम होने से ओले भी पड़ गए। मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश की संभावना कम है। आते और जाते मानसून में यह संभावनाएं क्षेत्र विशेष के बादलों की वजह से बनती हैं इसलिए इनका पूर्वानुमान पहले नहीं हो सकता।

बारिश से प्रभावित हुईं 50 से ज्यादा उड़ानें, चार डायवर्ट

आइजीआइ एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को बारिश के कारण उड़ानों पर बुरा प्रभाव पड़ा। अचनाक हुई तेज बारिश के कारण आधे घंटे तक उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। इस दौरान आ रहीं चार उड़ानों को डायवर्ट कर अन्य एयरपोर्ट पर उतारा गया। आने और जाने वाली 50 से ज्यादा उड़ानें आधे से दो घंटे की देरी से उड़ीं और उतरीं। इस वजह से विमान यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। आइजीआइ एयरपोर्ट मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार की रात पालम इलाके में कुल 20.4 मिलीमीटर बारिश हुई। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के प्रवक्ता ने बताया कि बारिश के कारण एयरपोर्ट पर रात 7.56 से 8.22 के बीच उड़ानों का संचालन बंद रहा। देर रात दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट की गई उड़ानों को को वापस दिल्ली लाने का प्रयास किया जा रहा था।

लोधी कॉलोनी में बिजली आपूर्ति प्रभावित

मध्य दिल्ली क्षेत्र में तेज आंधी, बारिश और ओले की वजह से छह पेड़ों को नुकसान हुआ है। एनडीएमसी कंट्रोल रूम में बाराखंभा, सफदरजंग रोड, जसवंत सिंह रोड, हनुमान लेन और लक्ष्मीबाई नगर से पेड़ की डाली टूटने की शिकायत आई। वहीं लोधी कॉलोनी में बीस मिनट के लिए बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही है। सभी घटनाएं नई दिल्ली नगर पालिका परिषद इलाके की हैं।

रामलीला व दुर्गापूजा पंडाल में भरा पानी

चिराग दिल्ली, सीआर पार्क, कालकाजी के साथ कई अन्य जगहों पर ग्राउंड पर पानी भरने पर काफी देर तक रामलीला प्रभावित रही। बारिश के कारण काफी कम लोग रामलीला के लिए घर से बाहर निकले। कई जगह दुर्गापूजा की भी तैयारी पूरी हो चुकी है। शुक्रवार सुबह से पूजा शुरू होनी है, लेकिन ग्राउंड में जलभराव होने के कारण आयोजकों की परेशानी बढ़ गई है।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।