Move to Jagran APP

मेट्रो की वायलेट लाइन पर खराबी के कारण यात्री रहे परेशान

डीएमआरसी का कहना है कि मेवला महराजपुर से ओल्ड फरीदाबाद के बीच सुबह 1055 बजे से 11.07 बजे तक सिंगल लाइन पर परिचालन किया गया।

By Prateek KumarEdited By: Updated: Sun, 27 Oct 2019 06:33 PM (IST)
Hero Image
मेट्रो की वायलेट लाइन पर खराबी के कारण यात्री रहे परेशान

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिवाली से एक दिन पहले शनिवार को वायलेट लाइन पर मेट्रो ने यात्रियों को परेशान किया। इस कॉरिडोर पर मेवला महराजपुर से ओल्ड फरीदाबाद के बीच सिग्नल में खराबी होने से बल्लभगढ़-फरीदाबाद के बीच सुबह में करीब चार घंटे परिचालन प्रभावित रहा। इस दौरान सिग्नल कभी काम करता तो कभी दगा दे जाता था। इसका असर वायलेट लाइन के दिल्ली वाले कॉरिडोर पर भी पड़ा। लिहाजा फरीदाबाद से दिल्ली के बीच आवागमन प्रभावित रहा।

लोगों ने खूब किया ट्वीट

लोगों ने सोशल नेटवर्क पर मेट्रो में तकनीकी खराबी के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से शिकायत की। हालांकि डीएमआरसी की तरफ से उन लोगों को कोई जवाब नहीं दिया गया। तकनीकी खराबी के दौरान 25 से 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध होने से यात्री परेशान हुए। यदि छुट्टी का दिन नहीं होता तो वायलेट लाइन पर व्यवस्था चरमरा जाती और डीएमआरसी के लिए स्थिति संभाल पाना आसान नहीं होता।

दोपहर में ठीक हुई समस्‍या

डीएमआरसी ने सुबह 7:26 मिनट पर वायलेट लाइन पर राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) मेट्रो स्टेशन से बदरपुर के बीच परिचालन प्रभावित होने की सूचना दी। डीएमआरसी के अनुसार बदरपुर से कश्मीरी गेट के बीच परिचालन सामान्य रहा लेकिन दिल्ली के लोगों को बदरपुर से आगे फरीदाबाद जाने के लिए जल्दी मेट्रो नहीं मिल पा रही थी। डीएमआरसी का कहना है कि मेवला महराजपुर से ओल्ड फरीदाबाद के बीच सुबह 10:55 बजे से 11.07 बजे तक सिंगल लाइन पर परिचालन किया गया। दिन में 11:15 बजे सिग्नल की खराबी दूर कर ली गई। इसके बाद परिचालन सामान्य हो गया।

परिचालन सुधारे मेट्रो

एक यात्री विरेश गोयल ने ट्वीट कर कहा कि मेट्रो स्टेशन पर 26 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होने की सूचना दी जा रही थी। हर्षदीप सिंह ने कहा कि परिचालन सामान्य होने में चार घंटे लग गए। अजय शर्मा ने कहा कि मेट्रो का परिचालन ठीक नहीं है। इस वजह से लोगों को बहुत परेशानी हुई। उन्होंने डीएमआरसी से कहा कि इस समस्या को दूर करने के लिए कुछ कीजिए। विशाल लाकड़ा ने कहा कि मेट्रो को अपनी सेवा में सुधार करने की जरूरत है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।