Move to Jagran APP

free ride to women in DTC buses: बसों में मुफ्त सफर योजना 'सफल', 20% तक बढ़ी महिलाओं की संख्या

डीटीसी द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 37 फीसद महिलाओं ने पिंक टिकट के साथ बसों में सफर किया। इस दिन 6 लाख 97 हजार 695 लोगों ने डीटीसी बसों में सफर किया।

By JP YadavEdited By: Updated: Fri, 01 Nov 2019 09:11 AM (IST)
Hero Image
free ride to women in DTC buses: बसों में मुफ्त सफर योजना 'सफल', 20% तक बढ़ी महिलाओं की संख्या

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली सरकार द्वारा महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दिए जाने के बाद से लगातार बसों में महिला यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। पिछले तीन दिनों में सफर करने वाली महिलाओं की संख्या 15 से 20 फीसद तक बढ़ी हैं। महिला यात्रियों का कहना है कि इस योजना के बाद से उन्हें रोजाना 50 से 100 रुपये का फायदा हो रहा है। हालांकि सफर में समय ज्यादा लग रहा है।

डीटीसी द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 37 फीसद महिलाओं ने पिंक टिकट के साथ बसों में सफर किया। इस दिन 6 लाख 97 हजार 695 लोगों ने डीटीसी बसों में सफर किया। इसमें महिलाओं की संख्या 2 लाख 57 हजार 936 रही। एक दिन पहले यह आंकड़ा 34 फीसद था।

वहीं क्लस्टर बसों से संबंधित जारी आकड़ों के अनुसार 31 फीसद महिलाओं ने क्लस्टर बसों में सफर किया। क्लस्टर बसों में कुल 3 लाख 47 हजार 562 यात्रियों ने सफर किया। इसमें 1 लाख 9 हजार 372 महिला यात्री ने सफर किया।

एक माह बाद दिखेगा असर

डीटीसी और क्लस्टर की बसों में रोजाना 40 लाख यात्री सफर करते हैं। इनमें से अधिकतर लोग मासिक पास बनवाते हैं। इनके अलावा दिव्यांग, बुजुर्ग और विशेष श्रेणी के पास भी जारी किए जाते हैं। डीटीसी अधिकारी की मानें तो एक माह के बाद पिंक पास से सफर करने वाली महिला यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने का अनुमान है। उनका कहना है कि अभी बसों में सफर करने वाली अधिकतर महिलाओं के पास मासिक पास हैं। इसकी अवधि एक माह में खत्म हो जाएगी और मुफ्त में सफर करने वाली महिला यात्रियों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी।

बुजुर्गों व छात्रों व दिव्यांगों से वादाखिलाफी कर रही है सरकार: विजेंद्र गुप्ता

वहीं, भाजपा ने आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) की सरकार से बुजुर्गों, छात्रों व दिव्यांगों को भी मुफ्त बस यात्र की सुविधा देने की मांग की है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया है कि AAP सरकार इन लोगों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। भाजपा की सरकार बनने पर इन सभी को मुफ्त बस यात्र की सुविधा दी जाएगी। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में AAP ने बुजुर्गों, छात्रों व दिव्यांगों को डीटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का वादा किया था। अब सरकार इस वादे से पीछे हट रही है, मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि सभी काम एक साथ नहीं किए जा सकते हैं।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।