Move to Jagran APP

यूपी के संभल में दुष्कर्म के बाद जलाई गई लड़की की दिल्ली के अस्पताल में मौत

दष्कर्म पीड़िता को 85 फीसद तक झुलसी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह एक सप्ताह से अस्पताल में आइसीयू में भर्ती थी।

By JP YadavEdited By: Updated: Sat, 30 Nov 2019 02:27 PM (IST)
Hero Image
यूपी के संभल में दुष्कर्म के बाद जलाई गई लड़की की दिल्ली के अस्पताल में मौत

नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में दुष्कर्म के बाद जलाई गई 16 वर्षीय नाबालिग पीड़िता की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शनिवार सुबह आठ बजे मौत हो गई। वह पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही थी। शनिवार सुबह आखिरकार वह मौत से जंग हार गई और दुनिया को अलविदा कह दिया।

यहां पर बता दें कि पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के संभल जिले एक 16 साल की एक लड़की को उसके पड़ोसी ने दुष्कर्म का शिकार बनाया था। इसके बाद आरोपित ने दरिंदगी की हद पार करते हुए उसे जिंदा जलाने के मकसद से आग के हवाले कर दिया गया। चीख-पुकार सुनकर लोगों ने उस बचाया, लेकिन तब तक पीड़िता 85 फीसद से ज्यादा जल चुकी थी। पूरी घटना 21 नवंबर की रात की है। 

गंभीर हालत में उसे पहले नजदीक के अस्पताल में फिर उसे दिल्ली के सफदरंजग अस्पताल रेफर किया गया था। पुलिस अधिकारी आलोक जायसवाल के मुताबिक, नखासा थाना क्षेत्र में घटना के दौरान लड़की अपने घर पर अकेली थी।

उसे अकेला पाकर उसके पड़ोस में रहने वाले जीशान नाम के शख्स ने 16 वर्षीय लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपित ने पहले तो लड़की को धमकाया फिर उस पर केरोसिन डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़की को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ परिजनों की शिकायत पर जीशान को गिरफ्तार कर लिया गया।