Move to Jagran APP

क्या निर्भया मामले में आरोपित राम सिंह की जेल में हुई थी हत्या? तिहाड़ के पूर्व अधिकारी ने उठाए सवाल

निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले में 2013 में आरोपित राम सिंह की जेल में खुदकशी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 01 Dec 2019 12:41 PM (IST)
Hero Image
क्या निर्भया मामले में आरोपित राम सिंह की जेल में हुई थी हत्या? तिहाड़ के पूर्व अधिकारी ने उठाए सवाल

नई दिल्ली [गौतम कुमार मिश्र]। निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले में वर्ष 2013 में आरोपित राम सिंह की जेल में खुदकशी के मामले में तिहाड़ जेल के पूर्व विधि अधिकारी सुनील गुप्ता ने कहा है कि एक छोटे से सेल में जिसमें राम सिंह के अलावा भी अन्य कैदी हों, कोई भला कैसे खुदकशी कर सकता है? उन्होंने अपनी पुस्तक ब्लैक वारंट में लिखा है कि इस बात की पूरी संभावना है कि राम सिंह की हत्या की गई हो।

सुनील गुप्ता तिहाड़ में 35 वर्षों तक विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह बताते हैं कि 11 मार्च 2013 की सुबह जब उन्हें इस बारे में पता चला कि राम सिंह ने अपने सेल में फांसी लगा ली है तो उन्हें बड़ा आश्चर्य हुआ।

नशे में हत्या की आशंका 

अपनी पुस्तक में उन्होंने लिखा है कि राम सिंह के पोस्टमार्टम रिपोर्ट को उन्होंने ध्यान से देखा था। उस रिपोर्ट में यह लिखा गया है कि राम सिंह के शरीर में अल्कोहल के अंश पाए गए थे। आखिर राम सिंह के शरीर में अल्कोहल का अंश कहां से आया? इस बात की पूरी संभावना है कि राम सिंह को शराब किसी ने पिलाई होगी।

सुनील आशंका जाहिर करते हैं कि जब वह नशे में होगा तब उसकी हत्या हुई हो। आखिर जिस कमरे में फर्श और छत के बीच करीब 12 फीट का फासला हो तो कोई कैसे फांसी लगा सकता है। सुनील ने इसके अलावा जांच प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए हैं। तिहाड़ जेल के पूर्व विधि अधिकारी ने कहा, छोटी सी सेल में अन्य कैदियों के बीच कोई कैसे फांसी लगा सकता है।

पहले भी उठे थे सवाल

राम सिंह के पिता ने भी खुदकुशी मानने से इनकार कर दिया था। उन्होंने जेल प्रशासन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए साजिश के तहत हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि राम सिंह की जेल में कई बार पिटाई हुई थी और उसे परेशान भी किया जाता था। उन्होंने कहा था कि राम सिंह का एक ही हाथ काम करता था, ऐसे में वह फांसी कैसे लगा सकता है। उन्होंने कहा था जेल नंबर तीन में राम सिंह के साथ तीन अन्य कैदी भी थे। जब उसने आत्महत्या की तब सारे कैदी कहां थे।

ये भी पढ़ेंः हैदराबाद के बाद दिल्ली में भी आया दिल दहला देने वाला मामला, दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या

AAP की लोकलुभावनी योजनाओं को मात देने की तैयारी में कांग्रेस, खेला बड़ा चुनावी दांंव

दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।