Move to Jagran APP

Delhi: पुलिस चौकी में कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से खुद को मारी गोली

दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र के धौला कुआं पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल परुन त्यागी ने शुक्रवार देर रात सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 29 Dec 2019 09:41 AM (IST)
Hero Image
Delhi: पुलिस चौकी में कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से खुद को मारी गोली

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र के धौला कुआं पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल परुन त्यागी ने शुक्रवार देर रात सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद चौकी के अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को इस मामले में सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की छानबीन के दौरान आत्महत्या की वजह घरेलू कलह सामने आ रही है। यह घटना चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। 2006 में परुन त्यागी व उनकी पत्नी दिल्ली पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे। मूलत: यूपी के मुरादनगर के रहने वाले परुन की पत्नी थर्ड बटालियन में तैनात हैं। दोनों की शादी 2011 में हुई थी। शादी के आठ वर्ष बाद भी कोई बच्चा नहीं था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि घरेलू विवाद का यह भी एक कारण हो सकता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परुन त्यागी पत्नी के साथ पालम के साध नगर इलाके में रहते थे।

शुक्रवार रात परुन की ड्यूटी धौला कुआं चौकी में ड्यूटी इंचार्ज के रूप में थी। करीब 12 बजे परुन किसी परिजन से मोबाइल पर बात कर रहे थे। कुछ देर बाद वे फोन पर चिल्लाने लगे। इस दौरान अचानक परुन ने फोन काट दिया और अपनी सीट से उठकर सीधे मालखाने में गए, वहां से उन्होंने सरकारी पिस्टल लिया। इसके बाद वे पुलिस चौकी के हॉल में गए और अपने दाएं कनपटी पर गोली चला दी। पुलिस छानबीन में पता चला है कि परुन घरेलू विवाद के कारण लंबे समय से डिप्रेशन में थे और उनका इलाज भी चल रहा था।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।