Move to Jagran APP

पीएम मोदी ने भाषण में जिस बच्ची 'नागरिकता' का किया था जिक्र, उसे आज मिलेगा जन्म प्रमाण पत्र

Citizenship Amendment Act हिंदू शरणार्थी कैंप में जन्म लेने वाली बच्ची ‘नागरिकता’ को निगम सोमवार को जन्म प्रमाण पत्र देगा।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Mon, 30 Dec 2019 10:14 AM (IST)
Hero Image
पीएम मोदी ने भाषण में जिस बच्ची 'नागरिकता' का किया था जिक्र, उसे आज मिलेगा जन्म प्रमाण पत्र

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। नागरिकता संशोधन कानून 2019 (Citizenship Amendment Act) पर देशभर में हुए विवाद के बीच हिंदू शरणार्थी कैंप में जन्म लेने वाली बच्ची ‘नागरिकता’ को निगम सोमवार को जन्म प्रमाण पत्र देगा। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने इसके लिए सभी औपचारिकता पूरी कर ली है। साथ ही निगम ने आने वाले दिनों में भारत में रह रहे गैर मुस्लिम शरणार्थियों को नि:शुल्क जन्म प्रमाण पत्र देने की भी घोषणा की है।

मजनू का टीला कैंप में रह रहे हिंदू शरणार्थी दंपती आरती और ईश्वर के यहां 24 नवंबर 2019 को बेटी का जन्म हुआ था। इसी दिन सीएए को मंजूरी मिली थी। इसके बाद आरती और ईश्वर ने बेटी को नागरिकता नाम दे दिया था। अब जन्म प्रमाण पत्र मिलने की जानकारी से नागरिकता के माता-पिता बहुत खुश हैं।

नागरिकता की मां बेहद खुश

नागरिकता की मां आरती दास ने कहा कि पहली बार शरणार्थियों को सम्मान मिल रहा है। हम लोग काफी समय से सरकारों से इस सम्मान के लिए गुहार लगा रहे थे। अब हमारे साथ ही हमारे बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित हो जाएगा।

स्थायी समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश ने बताया कि केंद्र सरकार ने नया कानून बनाया है वह उससे भारत में 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत में आकर रहे रहे लोगों को नागरिकता देने के लिए है। लेकिन, विपक्षी दल इसके विरोध की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बेटी नागरिकता का जन्म प्रमाण पत्र तैयार करा लिया गया है। फिलहाल जन्म प्रमाण पत्र के लिए निगम 21 रुपये का शुल्क लेता है, लेकिन आने वाले दिनों में निगम नागरिकता संशोधन कानून के तहत नागरिकता पाने वालों के बच्चों को निशुल्क जन्म प्रमाण पत्र देगा।

पीएम मोदी ने किया था भाषण में जिक्र

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी हाल में ही दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए हिंदू शरणार्थी दंपती की बेटी नागरिकता का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि नागरिकता संशोधन कानून 2019 से खुश पाकिस्तान से आए एक शरणार्थी दंपत्ति ने अपनी बेटी का नाम नागरिकता रख दिया है। लोगों को इस कानून का सम्मान करना चाहिए। 

ये भी पढ़ेंः Weather Forecast: दिल्ली-NCR में ठंड ने क्यों तोड़ा रिकॉर्ड, मौसम विभाग ने बताई वजह

 ग्रेटर नोएडा में घने कोहरे ने ली 6 लोगों की जान, नहर में कार गिरने से बड़ा हादसा

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।