दिल्ली पुलिस ने किया एक तस्कर को गिरफ्तार, 560 किलो डोडा बरामद
क्राइम ब्रांच की टीम ने अलीपुर के एक गोदाम में छापा मारकर 560 किलो डोडे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
By Mangal YadavEdited By: Updated: Thu, 06 Feb 2020 06:18 PM (IST)
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। क्राइम ब्रांच की टीम ने अलीपुर के एक गोदाम में छापा मारकर 560 किलो डोडे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित ओमकार पंजाब के होशियारपुर का रहने वाला है। उसने अलीपुर में डोडे की सप्लाई के लिए एक गोदाम किराए पर ले रखा था। उसने पहले दिल्ली में ढाबा खोला था और अपने भाई के साथ मिलकर ट्रक चालकों को डोडा बेचता था। वह बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश से डोडा मंगवाता था।
एडिशनल कमिश्नर बीके सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने सूचना के आधार पर अलीपुर में एक गोदाम पर नजर रखनी शुरू की। चार फरवरी की सुबह टीम ने ओमकार को एक वाहन से डोडा लेकर गोदाम में रखते देखा। टीम ने छापा मारकर ओमकार को गिरफ्तार किया और 35 थैलों में भरा 560 किलो डोडा जब्त किया।पूछताछ में उसने बताया कि वह 2010 में पंजाब से दिल्ली आया था। यहां उसने संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में ढाबा खोला। उसका भाई बहादुर सिंह उर्फ गड्डी ट्रक चालकों को डोडा बेचता था। उसने अपने भाई के साथ मिलकर ढाबा चलाने के साथ डोडा बेचना शुरू कर दिया। उसके भाई पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2017 में समयपुर बादली थाना पुलिस ने उसे डोडा बेचने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके जेल जाने के बाद ओमकार ने डोडे बेचने के काम पर कब्जा कर लिया।
बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश से मंगवाता था डोडा वह बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश से डोडा मंगवाता था और दिल्ली में ट्रक चालकों को बेचता था। क्राइम ब्रांच की टीम ने जिस गोदाम पर छापा मारा था, उसे दो दिन पहले ही किराए पर लिया गया था।
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।