Move to Jagran APP

ट्विटर के बाद अब इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय होंगे भाजपा नेता, विरोधियों को देंगे जवाब

दिल्ली भाजपा की सोशल मीडिया टीम के साथ ही कई नेता भी फेसबुक व ट्विटर पर सक्रिय हैं लेकिन इंस्टाग्राम पर उनकी उपस्थिति अपेक्षाकृत कम है।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 23 Feb 2020 10:01 AM (IST)
Hero Image
ट्विटर के बाद अब इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय होंगे भाजपा नेता, विरोधियों को देंगे जवाब
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। अपनी बात जनता तक पहुंचाने के लिए राजनीतिक पार्टियां और नेता सोशल मीडिया का खूब प्रयोग करते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी आम आदमी पार्टी, भाजपा व कांग्रेस तीनों ही पार्टियों ने सोशल मीडिया पर विशेष अभियान चलाया था। सभी पार्टियों के पास सोशल मीडिया की टीम है।

दिल्ली भाजपा की सोशल मीडिया टीम के साथ ही कई नेता भी फेसबुक व ट्विटर पर सक्रिय हैं, लेकिन इंस्टाग्राम पर उनकी उपस्थिति अपेक्षाकृत कम है। पार्टी अब इन्हें इंस्टाग्राम पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की हिदायत दी है। इसे लेकर नेताओं को संदेश भी भेजे जा रहे हैं।

इंस्टाग्राम पर विरोधियों को देंगे जवाब

भाजपा नेताओं का कहना है उनके अधिकांश नेता और कार्यकर्ता सबसे ज्यादा ट्विटर पर सक्रिय हैं। पार्टी के कार्यक्रमों से लेकर किसी मुद्दे पर अपनी बात भी ट्वीट करते हैं। इसी तरह से फेसबुक पर भी कुछ नेता व कार्यकर्ता नियमित रूप से पोस्ट करते हैं। उनके पोस्ट पार्टी के साथ ही विरोधी पार्टियों के नेता व कार्यकर्ता भी देखते और प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन युवा वर्ग इन दिनों फेसबुक और ट्विटर से ज्यादा इंस्टाग्राम का प्रयोग कर रहे हैं।

इस वजह से उन तक पार्टी की बात नहीं पहुंच रही है। भाजपा नेताओं का यह भी मानना है कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोधी इंस्टाग्राम के जरिये युवाओं को जोड़ रहे हैं। वहीं, भाजपा इसमें पिछड़ रही है। इस कमी को दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। 

दिल्ली भाजपा के पास प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक सोशल मीडिया टीम बनी हुई है। प्रत्युष कंठ प्रदेश सोशल मीडिया टीम के प्रभारी, नीलकांत बक्शी सह प्रभारी और पुनीत अग्रवाल संयोजक हैं। इसके साथ ही सात सह प्रभारी व दो सहायक सहित कुल 12 लोगों की टीम है। एक सह प्रभारी के जिम्मे एक लोकसभा क्षेत्र है। इसी तरह से सभी 14 संगठनात्मक जिले और 280 मंडलों में भी अलग से टीम बनाई गई है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।