Move to Jagran APP

Coronavirus: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास रह रहे RPSF के 4 जवान कोरोना पॉजिटिव

Coronavirus RPSF के चार जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कुछ दिन पहले इसी बैरक में रहने वाला एक जवान संक्रमित मिला था।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Thu, 30 Apr 2020 03:12 PM (IST)
Hero Image
Coronavirus: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास रह रहे RPSF के 4 जवान कोरोना पॉजिटिव

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के नजदीक लाहौरी गेट बैरक में रह रहे रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) के चार जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कुछ दिन पहले इसी बैरक में रहने वाला एक जवान संक्रमित मिला था, जिसके बाद दस जवानों की जांच कराई गई थी। इसके बाद जांच में चार जवानों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल का भी एक जवान पिछले दिनों संक्रमित पाया गया था। इससे पहले दिल्ली में कई पुलिसकर्मी भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।

दो सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स संक्रमित

कापसहेड़ा स्थित दक्षिणी-पश्चिमी जिला उपायुक्त कार्यालय में राजस्व विभाग में कार्यरत महिला अधिकारी के संपर्क में आकर दो सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को कोरोना वायरस का संक्रमण हो गया है। एक वॉलंटियर नजफगढ़ , जबकि दूसरा पंडवाला खुर्द गांव का रहने वाला है। दोनों को चौ. ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेदिक चरक संस्थान में रेफर भर्ती किया गया।

बता दें कि राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस तरह से कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3,439 से अधिक हो चुकी है। इनमें से अब तक 1092 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। बुधवार को भी 14 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। पिछले 24 घंटे में इस वायरस के कारण दो मरीजों की मौत हुई है। इस तरह से मरने वालों की संख्या राजधानी में 56 हो गई है। बुधवार तक करीब 61 मरीजों की हालत गंभीर थी। इनमें से 52 आइसीयू में भर्ती हैं जबकि नौ मरीज वेंटिलेटर पर हैं।

पिछले 24 घंटे में 3020 लोगों के सैंपल की जांच की गई। इनमें 125 लोग संक्रमित पाए गए। बुधवार से नेहरू होम्योपैथी कॉलेज में भी कोरोना का इलाज शुरू हो गया है। इसमें फिलहाल सात मरीजों को रखा गया है। इनमें दूसरे चरण (फेफड़ों में संक्रमण फैलना) का कोरोना संक्रमण पाया गया है। दिल्ली के 11 अस्पतालों में 749 मरीज भर्ती हैं। अब तक 47,225 लोगों की जांच की गई है। इनमें 5,886 की रिपोर्ट आनी बाकी है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।