Move to Jagran APP

जवाहरलाल नेहरू के करीबी रहे कांग्रेस नेता रमेश दत्ता का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार

कांग्रेसी नेता रमेश दत्ता के गांधी परिवार से नजदीक संबंध रहे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी उनका आदर करते थे।

By JP YadavEdited By: Updated: Mon, 04 May 2020 10:42 AM (IST)
Hero Image
जवाहरलाल नेहरू के करीबी रहे कांग्रेस नेता रमेश दत्ता का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के करीबी रहे और एकीकृत दिल्ली नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष रमेश दत्ता नहीं रहे। वह काफी दिनों से बीमार थे। रविवार देर शाम बत्रा हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह मिंटो रोड से नौ बार पार्षद रहे और नगर निगम उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों पर रहते हुए लोगों की सेवा की। वह जनसेवा में इतने रमे रहे कि, शादी नहीं की। कांग्रेसी नेता रमेश दत्ता के गांधी परिवार से नजदीक संबंध रहे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी उनका आदर करते थे। कांग्रेस पार्टी चांदनी चौक के जिलाध्यक्ष मो. उस्मान ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार को निगम बोधघाट पर होगा।

लगातार 9 बार रहे पार्षद

दिल्ली कांग्रेस के जुझारू नेताओं में शुमार रमेश दत्ता की अहमियत और काबिलियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह लगातार 9 बार पार्षद रहे। 1971 से लगातार 9 बार वह पार्षद का चुनाव जीते।

नहीं था कोई मकान

दिल्ली के ईमानदार नेताओं में शुमार रमेश दत्ता के पास अपना कोई निजी मकान तक नहीं था। वह प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से कुछ दूरी पर मिंटो रोड स्थित एक खंडहरनुमा घर में रहते थे। यह घर भी उनके किसी रिश्तेदार का था। ऐसा नेता शायद ही दिल्ली में कोई है, जिसने इतनी ईमानदारी से काम किया हो। यही वजह थी कि वह सबके लिए प्रिय थे।

न बैंक खात और न ही रखते थे फोन

रमेश दत्ता का  कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क था। वह टेक्नोलॉजी से बहुत दूर ही रहते थे। यह वजह थी कि वह मोबाइल फोन तक अपने पास नहीं रखते थे। उन्होंने पूरा जीवन जनसेवा में लगा दिया और शादी तक नहीं की। उन्होंने कभी बैंक में खाता तक नहीं खुलवाया। हालांकि, दिल्ली सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, उनके अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोग ही शिरकत कर सकेंगे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।