Move to Jagran APP

LNJP अस्पताल के डॉ. असीम गुप्ता के परिजनों को एक करोड़ देगी सरकार, कोरोना से हुई थी मौत

दिल्ली सरकार डॉ असीम गुप्ता के सम्मान में उनके परिवार को एक करोड़ की राशि देगी।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Mon, 29 Jun 2020 12:19 PM (IST)
Hero Image
LNJP अस्पताल के डॉ. असीम गुप्ता के परिजनों को एक करोड़ देगी सरकार, कोरोना से हुई थी मौत

नई दिल्ली, वीके शुक्ला। कोरोना वायरस से रविवार को जान गंवाने वाले लोकनायक ( एलएनजेपी) अस्पताल  के डॉक्टर असीम गुप्ता के परिजनों को दिल्ली सरकार एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता देगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को की। उन्होंने कहा कि लोकनायक अस्पताल के डॉ असीम गुप्ता हम सब के लिए प्रेरणा हैं।

सीएम ने कहा कि आईसीयू में उनकी ड्यूटी थी और वह कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे थे। डॉ. असीम गुप्ता लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में बहुत सीनियर डॉक्टर थे। उनकी पत्नी को भी कोरोना हो गया था, लेकिन वो अब ठीक हैं। उनके साथी बताते हैं कि कितनी शिद्दत और मेहनत से वह मरीजों की सेवा करते थे।

मरीजों की सेवा करते करते वह खुद 3 जून को कोरोना से पीड़ित हो गए। डॉ असीम गुप्ता हम सबके लिए एक प्रेरणा है और हम सब दिल्लीवासी उनकी इस सेवा को नमन करते हैं। दिल्ली सरकार उनके सम्मान में उनके परिवार को 1 करोड़ रुपए की सम्मान राशि देगी। यह एक छोटी सी राशि है जो देश और दिल्ली के लोगों की तरफ से उनके परिवार को दी जाएगी

मैक्स अस्पताल में हुई थी मौत

डॉ असीम गुप्ता दिल्ली सरकार के एलएनजेपी अस्पताल के आइसीयू के इंचार्ज और सीनियर कंसलटेंट थे। वह करीब दो हफ्ते से साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। शनिवार को उनकी हालत में सुधार हुआ था लेकिन रविवार सुबह उन्होंने इस महामारी से लड़ते हुए दम तोड़ दिया। डॉ असीम गुप्ता इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, पूर्वी दिल्ली के उपाध्यक्ष भी थे।

6 जून को एलएनजेपी में हुए थे भर्ती

डॉ असीम गुप्ता परिवार के साथ आर ब्लॉक, दिलशाद गार्डन में रहते थे। एलएनजेपी अस्पताल के कोविड अधिकृत घोषित होने के बाद वह लगातार आइसीयू में ड्यूटी कर रहे थे। पिछले एक जून को वह और उनकी रेडियोलाजिस्ट पत्नी डॉ निरुपमा कोरोना संक्रमित पाए गए।

छह जून को दोनों एलएनजेपी में भर्ती हुए। हालत में सुधार नहीं होने पर दोनों को मैक्स अस्पताल में भर्ती किया गया। यहां से तीन चार दिन बाद उनकी पत्नी को छुट्टी मिल गई लेकिन डॉ असीम की हालत में सुधार नही हुआ। करीब दो हफ्ते से वह आइसीयू में थे। डॉ असीम के दो बेटे हैं। बड़े बेटे इंजीनियरिंग करने के बाद ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहे हैं। वहीं छोटा बेटा एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए शुरू होगा प्लाज्मा बैंक, सीएम केजरीवाल ने की घोषणा

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।