Move to Jagran APP

4 जुलाई से आम लोगों के लिए खुलेगा जामा मस्जिद, नमाजियों के लिए दिशा-निर्देश जारी

जामा मस्जिद 4 जुलाई से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मस्जिद को ऐहतियातन 11 जून से आम लोगों के लिए बंद था।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Tue, 30 Jun 2020 05:32 PM (IST)
Hero Image
4 जुलाई से आम लोगों के लिए खुलेगा जामा मस्जिद, नमाजियों के लिए दिशा-निर्देश जारी

नई दिल्ली, नेमिष हेमंत। ऐतिहासिक जामा मस्जिद 4 जुलाई से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मस्जिद को ऐहतियातन 11 जून से आम लोगों के लिए बंद था। मस्जिद को फिर से खोलने के साथ ही नमाजियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। रात में पूरे देश में कर्फ्यू की व्यवस्था को देखते हुए आगे भी ईशा व फज्र की नमाज में आम लोगों की भागेदारी नहीं रखी जाएगी।

जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी ने बताया कि 11 जून के बाद से मस्जिद के लोगों द्वारा ही नमाज अदा हो रही थी। अब शनिवार दोपहर 12:30 से मस्जिद आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। जोहर की नमाज के बाद रोजाना मस्जिद बंद कर दी जाएगी। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि नमाज के दौरान लोग दूरी बनाकर रखे तो वजू घर से ही कर के आएं।

ये मस्जिद भी 4 जुलाई तक है बंद

बता दें कि दिल्ली सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों को खोले जाने की अनुमति के बाद भी राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जामा मस्जिद प्रशासन ने मस्जिद को बंद रखने का ऐहतियातन निर्णय लिया था। ऐसे में करीब 20 दिनों से यह मुगलकालीन मस्जिद आम नमाजियों के लिए बंद है। इसी तरह चांदनी चौक में स्थित फतेहपुरी मस्जिद में भी नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं है। इसे 4 जुलाई तक के लिए बंद रखा गया है।

इससे पहले जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा था कि मस्जिद को जुलाई माह से आम लोगों के लिए खोलने अथवा न खोलने पर निर्णय 30 जून की शाम को लिया जाएगा। वैसे, किसी भी निर्णय पर पहुंचने से पहले दिल्ली में कोरोना संक्रमण की मौजूदा स्थिति और सरकार के दिशा-निर्देशों का भी ध्यान रखा जाएगा। इसपर धार्मिक जानकारों से भी रायमशविरा किया जाएगा। नमाज के दौरान शारीरिक दूरी के नियमों का पालन ठीक प्रकार से न हो पाने के कारण 11 जून को जामा मस्जिद को बंद करने का फैसला लिया गया था। तब बुखारी ने लोगों से आग्रह किया था कि वह घरों में ही नमाज पढ़ें।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।