Move to Jagran APP

Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan: दिल्ली में लगेंगे विशाल LED स्क्रीन, 70 विधानसभा क्षेत्रों में होगा भूमिपूजन का सीधा प्रसारण

Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan LIVE Telecast दिल्ली प्रदेश भाजपा के महासचिव राजेश भाटिया की मानें तो दिल्ली में भाजपा 5 अगस्त को उत्सव के रूप में मनाएगी।

By JP YadavEdited By: Updated: Fri, 31 Jul 2020 11:35 AM (IST)
Hero Image
Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan: दिल्ली में लगेंगे विशाल LED स्क्रीन, 70 विधानसभा क्षेत्रों में होगा भूमिपूजन का सीधा प्रसारण

नई दिल्ली, जेएनएन। Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan LIVE Telecast :  अयोध्या में श्रीराम मंदिर भूमिपूजन समारोह से आम जनता को जोड़ने के लिए भाजपा भी अपने स्तर पर तैयारी कर रही है। भूमि पूजन समारोह लोग सामूहिक तौर पर देख सकें इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एलईडी स्क्रीन लगाने का फैसला किया गया है। घरों में दीप माला भी की जाएगी। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में श्री राम मंदिर बनाने के लिए भूमि पूजन करेंगे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि लंबे संघर्ष के बाद यह अवसर आया है। लोगों में इसे लेकर भारी उत्साह है। कोरोना संकट के कारण आम लोग इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या नहीं जा सकेंगे। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि लोग सामूहिक रूप से इस कार्यक्रम को देख सकें इसके लिए प्रत्येक विधानसभा में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ मिलकर इस गौरवशाली पल को देखेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता उस दिन दीप जलाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त का दिन सभी के लिए यादगार रहने वाला है।

भाजपा के मुताबिक, दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में राम जन्मभूमिपूजन का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए इंतजामात किए जा रहे हैं। 5 अगस्त को भाजपा नेता और कार्यकर्ता तो दीप जलाएंगे, साथ ही दिल्लीवासियों को भी दीप जलाने के लिए प्रेरित करेंगे। भाजपा कार्यकर्ता पड़ोसियों को भी दीप जलाने के लिए प्रेरित करेंगे।

दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ता जलाएंगे दीप

आदेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अयोध्या में राममंदिर के भूमिपूजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई लोग मौजूद रहेंगे। वहीं, दिल्ली में भाजपा नेता और तमाम कार्यकर्ता दीप जलाकर इस अवसर पर जश्न मनाएंगे। यह देशवासियों को ऐतिहासिक मौका होगा।

दिल्ली में उत्सव जैसा माहौल

वहीं, दिल्ली प्रदेश भाजपा के महासचिव राजेश भाटिया की मानें तो दिल्ली में भाजपा 5 अगस्त को उत्सव के रूप में मनाएगी और कोशिश होगी कि दिल्ली का हर शख्स इस खुशी में शिरकत करे। हम दिल्ली के लोगों के साथ इस दिन को दिवाली की तरह मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।