Move to Jagran APP

पिछले साल सर्दी ने तो इस साल सितंबर की गर्मी ने तोड़ दिया वर्षों का रिकॉर्ड

September Heat Breaks Records सितंबर का ऑल टाइम रिकॉर्ड 16 सितंबर 1938 के नाम है जब अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह सितंबर का सामान्य न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस है। इस बार यह औसतन 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

By JP YadavEdited By: Updated: Fri, 02 Oct 2020 08:08 AM (IST)
Hero Image
सितंबर में हुई गर्मी के दौरान परेशान छात्राओं की फोटो।

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। September Heat Breaks Records: मानसून के उतार चढ़ाव के बीच इस वर्ष सितंबर की गर्मी ने वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अधिकतम एवं न्यूनतम दोनों ही तापमान सामान्य से साढ़े तीन डिग्री तक अधिक दर्ज किए गए। हालांकि कम बारिश के बावजूद मानसून के अधिक समय तक सक्रिय रहने से सर्दी की दस्तक इस बार जल्द हो सकती है। गुलाबी ठंड का एहसास जहां अगले कुछ ही दिनों में होने लगेगा वहीं नवंबर तक एसी-कूलर भी बंद हो जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक सितंबर का सामान्य अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस है, लेकिन इस बार यह औसतन 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि 3.4 डिग्री अधिक है। 19 सितंबर को तो अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि सितंबर का ऑल टाइम रिकॉर्ड 16 सितंबर 1938 के नाम है, जब अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह सितंबर का सामान्य न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस है , जबकि इस बार यह औसतन 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है। हालांकि 30 सितंबर को न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस भी रहा था।

गौरतलब है कि इस माह का ऑल टाइम रिकॉर्ड 26 सितंबर 1964 का है जब न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। वहीं, अब अगर बारिश की बात करें तो सितंबर में होने वाली बारिश का सामान्य आंकड़ा 125.1 मि.मी. का है जबकि इस साल केवल 20.9 यानी 83 फीसद कम बारिश हुई। यह बात अलग है कि इस साल मानसून ने दिल्ली में दो दिन पहले 27 जून के बजाय 25 जून को ही दस्तक दे दी थी वहीं इसकी विदाई भी 25 सितंबर की जगह पांच दिन देरी से 30 सितंबर को हुई।

1901 के बाद दूसरा सबसे सर्द दिसंबर

यहां पर बता दें कि दिसंबर-2019 से पहले केवल 1919, 1929, 1961 और 1997 में औसत तापमान 20 डिग्री से कम रहा है। पिछले साल दिसंबर में औसत तापमान 19.85 डिग्री रहा था, जबकि 31 दिसंबर तक 19.15 डिग्री सेल्सियस रहा था। दरअसल, दिल्ली में सर्दी ने 119 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। दिल्ली के तीनों केंद्रों पर 30 दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 के बाद सबसे कम था। 30 दिसंबर की दोपहर 2:30 बजे पालम में 9.0 डिग्री, आया नगर में 7.8 डिग्री, रिज में 8.4 डिग्री और लोधी रोड में 9.2 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।