Move to Jagran APP

Hathras Case: सीएम केजरीवाल का हमला- सत्ता में बैठे लोग न भूलें, वे देश के मालिक नहीं बल्कि 'सेवक' हैं

Hathras Case पत्रकारों से बातचीत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हाथरस में हुआ हादसा दर्दनाक है और ऊपर से यूपी सरकार का पीड़िता के परिवार के प्रति किया गया व्यवहार कहीं से भी उचित नहीं है।

By JP YadavEdited By: Updated: Fri, 02 Oct 2020 01:41 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की फाइल फोटो।

नई दिल्ली, जेएनएन। Hathras Case: हाथरस की युवती के साथ तथाकथित रूप से दुष्कर्म और मौत मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Delhi CM Arvind Kejriwal) ने शुक्रवार को फिर इशारों-इशारों में यूपी में सत्तासीन योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हाथरस में हुआ हादसा दर्दनाक है और ऊपर से यूपी सरकार का पीड़िता के परिवार के प्रति किया गया व्यवहार कहीं से भी उचित नहीं है। साथ ही अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम लोकतंत्र में रह रहे हैं और सत्ता में बैठे लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि वे इस देश के मालिक नहीं बल्कि 'सेवक' हैं।

इससे पहले बृहस्पतिवार को हाथरस में हैवानियत का शिकार हुई 19 वर्षीय युवती को न्याय दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही पीडि़ता को कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। महिला विंग दिल्ली प्रदेश की अध्यक्ष निर्मला कुमारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी  दुष्कर्मी हत्यारों को फांसी की सजा की मांग करती है। जो हैवानियत इस बेटी के साथ हुई है वो इंसानियत को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने आगे कहा कि वावजूद इसके मृतक के शव के साथ जो अमानवीयता उत्तर प्रदेश की पुलिस ने की है, वह भी बड़ा पश्नचिन्ह खड़ा करती है। दोषियों के साथ साथ पुलिस की इस हरकत को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। निर्मला कुमारी ने कहा कि हम इस मामले को छोड़ने वाले नहीं हैं। पीड़िता को न्याय व हक दिलाने के लिए आवाज बुलंद करेंगे। शुक्रवार को गांधी जयंती पर आम आदमी पार्टी जंतर मंतर पर व्यापक रूप से विरोध प्रकट करेगी, जिसमें समाज कल्याण मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम विधायकों के साथ जंतर धरने पर बैठेंगे। 

वहीं, हाथरस की दलित युवती को न्याय दिलाने के लिए बृहस्पतिवार शाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंडिया गेट पर कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस ने इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। चौधरी ने कहा कि दोनों सरकारों की दमनकारी नीतियों के कारण लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। विडंबना यह कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के जंगलराज में पुलिस ने हाथरस में यौन शोषण का शिकार हुई दलित युवती के शव का पुलिस द्वारा आधी रात को कानून ताक पर रखकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंडिया गेट पर कैंडल मार्च निकाला।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।