Move to Jagran APP

Delhi-NCR Air Quality: फरीदाबाद, गाजियाबाद औैर ग्रेटर नोएडा की हवा हुई खराब, बढ़ा प्रदूषण

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.4 जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 41 से 89 फीसद रहा।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sat, 03 Oct 2020 08:00 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की फाइल फोटोः ANI

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मौसम बदलने और तापमान में गिरावट के बीच दिल्ली-एनसीआर की हवा भी प्रदूषित होने लगी है। धूल और पराली का धुआं हवा में जहर घोलने लगा है। शुक्रवार को फरीदाबाद, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली का एयर इंडेक्स भी इस सीजन में अभी तक का सर्वाधिक 180 दर्ज हुआ। अगले दो तीन दिन में दिल्ली सहित एनसीआर के अन्य शहरों की हवा भी खराब श्रेणी में पहुंच जाने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.4 जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 41 से 89 फीसद रहा। केंद्र सरकार की वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था सफर इंडिया के मुताबिक हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी हो रही है। यह हवा हिमाचल प्रदेश की तरफ से आती है। इसमें नमी भी रहती है और इसी के साथ पराली का धुआं दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचता है। ऐसे में संभावना है कि दो तीन दिन में ही दिल्ली एनसीआर की हवा खराब होने लगेगी।

दिल्ली-एनसीआर का एयर इंडेक्स शहर एयर इंडेक्स श्रेणी

दिल्ली- 180 (मध्यम)

फरीदाबाद 201 (खराब)

गाजियाबाद 204 (खराब)

ग्रेटर नोएडा 204 (खराब)

गुरुग्राम 155 (मध्यम)

नोएडा 179 (मध्यम)

बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। अनलॉक में कमोबेश सभी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। ज्यादाजर औद्योगिक इकाइयां चल पड़ी हैं तो सड़कों पर वाहनों की संख्या पहले जैसी हो गई हैं। जहां- तहां कचरे और मलबे के ढेर देखे जा सकते हैं और सड़कों पर पानी का छिडकाव नहीं होने से धूल भी उड़ रही है। बताया जा रहा है कि पंजाब और हरियाणा में भी पराली जलाने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी हो गई है। इसके साथ अगले कुछ ही दिनों में यह धुआं दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ाने लगेगा। इस साल दिल्ली एनसीआर में सितंबर माह के दौरान 83 फीसद कम बारिश होना भी वायु प्रदूषण में इजाफे का सबब बन रहा है। 

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।