Move to Jagran APP

दिल्ली में अब ऑनलाइन नि:शुल्क मिलेगा जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, नगर निगम ने दी बड़ी राहत

दक्षिणी व उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए नया पोर्टल लांच कर दिया है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन खुद कर सकेंगे। पहले लोगों को इसके लिए निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों में जाना पड़ता था।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Thu, 03 Dec 2020 09:57 AM (IST)
Hero Image
दक्षिणी निगम ने लांच की हेल्पलाइन फाइल फोटो

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दक्षिणी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र अब नि:शुल्क हो गया है। नागरिक अपने प्रमाण पत्र को निगम की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। इसमें पहली प्रति नि:शुल्क होगी और दूसरी प्रति के लिए शुल्क देना होगा, जबकि पहले नागरिकों को दक्षिणी निगम में ही डाक से पहली प्रति नि:शुल्क दी जाती थी। अब ऑनलाइन भी इसकी पहली प्रति नि:शुल्क डाउनलोड हो सकेगी।

इससे नागरिकों को जन्म प्रमाण पत्र के लिए 21 रुपये और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 11 रुपये का शुल्क नहीं चुकाना होगा। हालांकि दूसरी प्रति पर यह शुल्क लागू होगा।

पहली प्रति ऑनलाइन मिलेगी नि:शुल्क

दक्षिणी दिल्ली की महापौर अनामिका ने बताया कि निगम के मुताबिक एक्ट में यह शुल्क लेना अनिवार्य है, लेकिन निगम इस शुल्क का वहन करेगा और नागरिकों को यह सेवा नि:शुल्क देगा। उल्लेखनीय है कि बतौर दक्षिणी दिल्ली के महापौर रहते हुए नरेंद्र चावला ने वर्ष 2018 में नागरिकों की सुविधा के लिए नागरिकों जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र की पहली प्रति नि:शुल्क देने की योजना शुरू की थी। इसके बाद से निगम क्षेत्रीय अधिकारियों के पत्र के साथ दक्षिणी निगम क्षेत्र में पंजीकृत होने वाले जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र को डाक से नि:शुल्क भेजा जाता है।

दक्षिणी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने बनाया नया पोर्टल

दक्षिणी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए नया पोर्टल लांच कर दिया है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन खुद कर सकेंगे, जबकि पहले लोगों को इसके लिए निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों में जाना पड़ता था। निगमों को उम्मीद है कि इस पोर्टल के लांच होने से अब नागरिकों को निगम के दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को कोरोना संकट से बचाने में भी मदद मिलेगी, क्योंकि अब लोग बिना घर से बाहर जाए अपने मोबाइल या फिर घर के कंप्यूटर से ही इसका आवेदन कर सकेंगे। साथ ही नाम जोड़ने के लिए भी पोर्टल का उपयोग किया जा सकेगा।

दक्षिणी निगम ने लांच की हेल्पलाइन

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की महापौर अनामिका ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र की सुविधा ऑनलाइन करने के साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं। इन हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से कोई भी नागरिक जन्म और मृत्यु प्रमाण बनवाने से लेकर उनके डाउनलोड करने के लिए जानकारी ले सकता है।

ये हैं हेल्पलाइन नंबर

  • उप-स्वास्थ्य अधिकारी (मध्य क्षेत्र) - 011-20886445
  • उप-स्वास्थ्य अधिकारी (दक्षिणी क्षेत्र) - 011-26566671
  • उप-स्वास्थ्य अधिकारी (पश्चिमी क्षेत्र) - 011-25117204
  • उप-स्वास्थ्य अधिकारी (नजफगढ़ क्षेत्र) - 011-28014535
  • सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (मुख्यालय) - 1800111555

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।