Move to Jagran APP

Farmers Protest: भाजपा नेताओं ने ट्विटर और वाट्सएप को बनाया हथियार, कृषि कानून पर कर रहे जागरूक

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार किसानों के साथ खड़ी रहने वाली सरकार है। एमएसपी को मजबूत करने वाली सरकार है। देश को हमेशा गुमराह करने वाले लोग आज किसानों को भड़का रहे हैं। किसानों को सतर्क रहना होगा।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 06 Dec 2020 10:16 AM (IST)
Hero Image
पंजाब में हुई ज्यादा खरीदारी फिर वहां के किसान क्यों कर रहे विरोध
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। कृषि कानूनों को लेकर किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर भाजपा भी सतर्क हो रही है। दिल्ली में किसानों के बीच जाकर पार्टी के नेता उन्हें कृषि कानूनों के फायदे बता रहे हैं। इसके साथ ही इंटरनेट मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। ट्विटर और वाट्सएप के जरिये भाजपा सांसद और नेता लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वीडियो शेयर करके भी बताया जा रहा है कि किस तरह के नए कानून किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। विरोधियों को जवाब भी दिया जा रहा है।

भाजपा का कहना है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के नाम पर किसानों को गुमराह किया जा रहा है। इन लोगों की मंशा क्या है यह जानने की जरूरत है, क्योंकि नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीदारी हुई है।

पांच सालों में हुई रिकॉर्ड खरीदारी

भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए काम कर रही है। वर्ष 2009-14 के बीच 2 लाख करोड़ रुपये के कुल धान की खरीद हुई थी। वर्ष 2014-19 में खरीद ढाई गुना बढ़कर पांच लाख करोड़ रुपये की हुई है। इसी तरह से इस दौरान गेहूं की खरीद 1.5 लाख करोड़ रुपये से दो गुना बढ़कर तीन लाख करोड़ रुपये की हुई है।

पंजाब में हुई ज्यादा खरीदारी फिर वहां के किसान क्यों कर रहे विरोध

भाजपा यह सवाल उठा रही है कि अगर नए कृषि कानून किसान विरोधी हैं तो पूरे देश में इनका विरोध क्यों नहीं हो रहा? महाराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश और गुजरात से लेकर बिहार तक देशभर के किसानों ने नए कानून का स्वागत किया है। नए कृषि कानूनों को पंजाब सरकार ने लागू नहीं किया है। फिर भी वहां के किसान ही विरोध प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं? कहीं, इसके पीछे किसी की साजिश तो नहीं है। केंद्र सरकार की एजेंसियों द्वारा अब तक 315 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की एमएसपी पर खरीद की गई जिसमें से 202 लाख मीट्रिक टन धान केवल पंजाब में खरीदा गया। यह पूरी खरीद का 64.18 फीसद है। इसके बावजूद पंजाब में सबसे ज्यादा हंगामा होने से लगता है कि कुछ लोग साजिश कर रहे हैं।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार किसानों के साथ खड़ी रहने वाली सरकार है। एमएसपी को मजबूत करने वाली सरकार है। देश को हमेशा गुमराह करने वाले लोग आज किसानों को भड़का रहे हैं। किसानों को सतर्क रहना होगा।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।