Move to Jagran APP

भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के खिलाफ दर्ज हो आपराधिक धाराओं में मुकदमा : सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वीडियो क्लिप में साफ दिख रहा है कि जल बोर्ड के मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ता तोड़फोड़ कर रहे हैं और कर्मचारी जान बचाकर भाग रहे हैं। तोड़फोड़ करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी दिख रहे हैं।

By JP YadavEdited By: Updated: Sat, 26 Dec 2020 11:13 AM (IST)
Hero Image
कामन इंटेशन आदि आपराधिक धाराओं के तहत गुप्ता पर मुकदमा बनता है।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि बृहस्पतिवार को जल बोर्ड के मुख्यालय में की गई तोड़फोड़ के मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के खिलाफ आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। इस मामले में कोरोना काल में प्रदर्शन करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जो एकदम गलत है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वीडियो क्लिप में साफ दिख रहा है कि जल बोर्ड के मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ता तोड़फोड़ कर रहे हैं और कर्मचारी जान बचाकर भाग रहे हैं।

तोड़फोड़ करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी दिख रहे हैं। इस मामले में कामन इंटेशन आदि आपराधिक धाराओं के तहत गुप्ता पर मुकदमा बनता है। इसके बाद भी पुलिस सिर्फ मुकदमा दर्ज करने के नाम पर खानापूर्ति कर रही है। उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन होते हैं और होते रहेंगे, लेकिन भाजपा जिस तरह से विरोध के नाम पर तोड़फोड़ कर रही है, इसे अराजकता कहा जाएगा।

उन्होंने कहा कि एक सामान्य आदमी भी समझ सकता है कि दिसंबर के माह में कभी पानी की किल्लत नहीं होती है। मुख्यालय पर जो लोग तोड़फोड़ कर रहे थे। वे इस बात के नारे नहीं लगा रहे थे कि हमें पानी दो और पानी के लिए किसी कालोनी का नाम नहीं ले रहे थे। वे नारे लगा रहे थे कि आदेश गुप्ता आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं। दरअसल, ये लोग तोड़फोड़ और हमला करने की नीयत से गए थे।

सौरभ भारद्वाज कहा कि इससे पहले भी इस तरह के उपद्रव भाजपा द्वारा किए जाते रहे हैं। पुलिस के संरक्षण में मुख्यमंत्री के आवास का घेराव भाजपा के द्वारा किया जाता है। भारत बंद के दौरान जब मुख्यमंत्री किसानों से मिलने जाना चाहते हैं तो उन्हें घर में नजरबंद कर दिया जाता है। पुलिस का सहयोग लगातार भाजपा को मिल रहा है।

पुलिस की मौजूदगी में भाजपा के कार्यकर्ता उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हैं और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, जो सही नहीं है। दिल्ली पुलिस का काम मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और जल बोर्ड के दफ्तर को सुरक्षा देना है। यदि पुलिस ही उपद्रवियों का संरक्षण करेगी तो माहौल बहुत खराब हो जाएगा। दिल्ली सरकार और आप जिस तरह से लगातार किसानों के समर्थन में खड़ी है। उससे भाजपा नेतृत्व झुंझलाया हुआ है और इसे मिटाने के लिए ही इस तरह के हमले कर रहा है।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।