Video: दिल्ली में कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, जानें- कब मिलेगी शीत लहर से राहत
क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख डा. कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिन तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 27 Dec 2020 08:56 AM (IST)
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा। क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिन तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। पहाड़ों पर बर्फ गिरने के कारण 29 से 31 दिसंबर के बीच शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पहली जनवरी को भी मौसम ठंडा रहेगा। उस दिन बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
#WATCH दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। (दृश्य पंजाबी बाग से)
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा। pic.twitter.com/JTFHuBGGc5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 27, 2020
मौसम विभाग ने कहा है कि नए साल के मौके पर दिल्ली के कई इलाके भीषण शीतलहर की चपेट में रहेंगे। यह शीतलहर कई तरह के फ्लू का कारण बन सकती है। इस दौरान शराब पीने से शरीर और ज्यादा ठंडा हो सकता है। इससे तबीयत बिगड़ने और गंभीर होने पर जान को भी खतरा हो सकता है। सामान्य तौर पर मौसम विभाग इस तरह की चेतावनी जारी नहीं करता है, लेकिन शीतलहर की स्थिति को देखते हुए लोगों को चेताया गया है। शनिवार को भी दिल्ली शीतलहर की चपेट में रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक कम दर्ज किया गया।
कंपकंपी को न करें नजरअंदाज
मौसम विभाग ने कहा है कि कंपकंपी हो तो उसे नजरअंदाज न करें। शरीर का तापमान कम होने का यह शुरुआती लक्षण होता है। ऐसी स्थिति में घर में रहें। शीतलहर में अधिक देर तक रहने पर ठंड लगने से त्वचा पीली, कठोर व सुन्न हो सकती है। इसके अलावा ठंड के दुष्प्रभाव से अंगुलियों, नाक व कान के निचले हिस्से पर काले रंग के छाले पड़ सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत इलाज कराएं।
इनका रखें ध्यान
- विटामिन सी युक्त फल व सब्जियों और पर्याप्त मात्र में पेय पदार्थ का इस्तेमाल करें
- बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। किसी वजह से कपड़े भीग जाएं तो तुरंत बदलें
- शरीर के प्रभावित हिस्से को गुनगुने पानी से धीरे-धीरे गर्म करें। त्चचा को रगड़ें नहीं
- त्वचा पर नियमित क्रीम या तेल का इस्तेमाल करें, ताकि नमी बनी रहे
- रूम हीटर चलाते समय वेंटिलेशन का ध्यान रखें। वेंटिलेशन ठीक न हो तो हीटर न चलाएं
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।