Move to Jagran APP

देश में आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेंगे: अमित शाह

फोटो- 01ओकेएल- 204 - कहा- जब से नरेंद्र मोदी पीएम बने हैं तब से पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया ह

By JagranEdited By: Updated: Wed, 01 May 2019 10:26 PM (IST)
Hero Image
देश में आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेंगे: अमित शाह

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को वसंत कुंज में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली की सातों सीटें भाजपा जीत रही है। देश में जबसे भाजपा की सरकार बनी है तभी से पूरी दुनिया में पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया है। पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है। पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है पाकिस्तान आतंक को पनाह देने वाला देश है। पीएम नरेंद्र मोदी की पहल पर बने माहौल का ही नतीजा है कि संयुक्त राष्ट्र ने आज मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया है। इससे पहले उन्होंने नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

अमित शाह ने कहा कि देश भर में मोदी-मोदी का ही नारा सुनाई दे रहा है। यह सिर्फ पॉलिटिकल नारा नहीं है। यह देश की जनता का नरेंद्र मोदी पर विश्वास है। पांच सालों में नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के विकास के लिए इतने काम किए जितने कांग्रेस सरकार ने 55 साल में नहीं किए। 90 हजार करोड़ में दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर, संगम विहार व देवली में पानी के लिए बजट दिया, नबीपुर में स्टेडियम बनवाया, पांच बड़े अस्पताल, छठ घाट, दिल्ली-मेरठ हाईवे, महिलाओं को आरक्षण, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि में दिल्ली के लिए बड़ी राशि मंजूर की।

अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल ने अन्ना को धोखा दिया। शीला दीक्षित के समय में जो भ्रष्टाचार हुआ उसके खिलाफ आवाज उठाकर नेता बन गए, लेकिन खुद भी दिल्ली के लिए कुछ नहीं किया। जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने वालों का साथ दिया। केजरीवाल को दिल्ली की जनता कभी माफ नहीं करेगी। हम कहते हैं धारा 370 हटाओ, केजरीवाल कहते हैं देशद्रोही की धारा हटाएंगे। राहुल व केजरीवाज सुन लो। जब तक नरेंद्र मोदी की सरकार है भारत के खिलाफ नारे लगाने वाले जेल जाएंगे। हमने लोगों को घर दिया, बिजली दी, गैस कनेक्शन और शुद्ध पानी दिया। मोदी जी ने देश को सुरक्षित किया है। इसलिए उन्हें दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए दिल्ली में फिर से सातों सीटों पर भाजपा को जिताइए।

शाह ने कहा कि यूपीए सरकार में आतंकी हमले होते रहे, लेकिन सरकार ने कभी उन्हें जवाब नहीं दिया। मोदी सरकार में जब पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को ढेर किया गया तो राहुल बाबा व दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय में मातम छाया था। आंतकियों को मारा गया तो पता नहीं इन्हें क्या दर्द हुआ। राहुल-केजरी यह जान लें कि हम वोट के लिए देश की सुरक्षा को खतरे में नहीं पड़ने देंगे। वे चाहते हैं कि कश्मीर हिदुस्तान से अलग हो जाए। लेकिन भाजपा जब कभी सत्ता में नहीं रहेगी तब भी कश्मीर को अलग नहीं होने देंगे। यह भारत का अभिन्न हिस्सा है। असम में एनआरसी लागू किया तब भी इन्हें दर्द हुआ।

इस दौरान भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी, मीनाक्षी लेखी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बिजेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।